प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन रुद्रप्रयाग के तत्वावधान में मनसूना में आयोजित निःशुल्क मोतियाबिंद शिविर में 17 लोगों के नेत्रों की जांच की गई। जांच में चार ग्रामीणों की आंखें मोतियाबिंद से ग्रसित मिलीं जिनका देहरादून स्थित विवेकानंद नेत्रालय में निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.पारूल गोयल ने बताया कि विवेकानंद नेत्रालय रामकृष्ण मिशन आश्रम किशनपुर देहरादून के सहयोग से मनसूना में आयोजित शिविर में आठ पुरुष और नौ महिलाओं के नेत्रों की जांच की गई। इनमें से 10 लोगों को दवा वितरित की गई जबकि चार ग्रामीणों की आंखों में मोतियाबिंद पाया गया। इन सभी का देहरादून स्थित विवेकानंद नेत्रालय में निःशुल्क ऑपरेशन किया जाएगा। उन्हें विवेकानंद नेत्रालय रामकृष्ण मिशन आश्रम की टीम द्वारा रविवार को देहरादून ले जाया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि अगला निःशुल्क मोतियाबिंद शिविर आगामी 11 सितंबर को गुप्तकाशी में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने जनमानस से इन निःशुल्क शिविरों का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने बताया कि शिविरों से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अपने क्षेत्र की आशा फेसिलिटेटर एवं आशा कार्यकत्री से संपर्क किया जा सकता है। इस मौके पर मौजूद मेडिकल टीम द्वारा आगामी 8 सितंबर तक मनाए जा रहे नेत्रदान पखवाड़े के तहत जागरूकता सत्र भी आयोजित किया गया। इसमें लोगों को नेत्रदान के महत्व की जानकारी देने के साथ ही नेत्र सुरक्षा को लेकर बरती जाने वाली सावधानियों एवं अपनाए जाने वाले व्यवहार के बारे में जागरूक किया गया। शिविर में दृष्टिमितिज्ञ सौरभ बर्तवाल फार्मासिस्ट सौरभ रावत अनिल कुमार आदि मेडिकल टीम के सदस्य मौजूद रहे।
