प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष के सेवा समर्पण के तहत सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न सेवा एवं जनसरोकार से जुड़े कार्यक्रमों के साथ आयोजित किया जाएगा। इसी क्रम में शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय पौड़ी में सेवा संकल्प अभियान की जिला कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में अभियान के तहत आगामी दिनों में आयोजित होने वाले विभिन्न सेवा कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई तथा कार्यकर्ताओं को कार्यक्रमों के सफल संचालन की जिम्मेदारियां सौंपी गईं। जिला अध्यक्ष कमल किशोर रावत ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा लाभार्थियों से सीधा संपर्क स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर प्रत्येक लाभार्थी के घर जाकर एक दीपक जलाया जाएगा ताकि सरकार की योजनाओं से लाभान्वित परिवारों तक संगठन की पहुंच सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कार्यकर्ताओं से दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम की फोटो एवं जानकारी सरल ऐप पर अपलोड करने का भी आह्वान किया। उन्होंने अभियान के तहत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत कार्यक्रम के संयोजक कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत को बनाया गया है। इसके साथ ही नमो सेवा गाथा कार्यक्रम में 25 वर्ष की आयु तक के युवाओं को जोड़ा जाएगा जिसमें नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आंगन का उत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर तीन दिनों तक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं कहानी बदलाव की’ कार्यक्रम के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों की कहानी सामने लाई जाएगी। कार्यकर्ताओं से ऐसे लाभार्थियों के छोटे वीडियो तैयार कर सरल ऐप के माध्यम से जिला एवं प्रदेश स्तर तक भेजने को कहा गया जिनके जीवन में सरकारी योजनाओं से सकारात्मक बदलाव आया है। कार्यशाला में विकसित भारत संकल्प यात्रा के अंतर्गत केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रत्येक विधानसभा से 10 प्रमुख विकास कार्यों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए। राज्य की दोहरी भूमिका के अंतर्गत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के विद्यार्थियों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन ग्राम एवं जिला स्तर पर किया जाएगा। जिला संयोजक गणेश भट्ट ने कार्यशाला में पहुंचे पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का वृत्त लेते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस 16 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को प्रत्येक कार्यकर्ता लाभार्थी के घर पहुंचकर दीपक जलाए और उसकी फोटो सरल ऐप पर अपलोड करे। उन्होंने बताया कि सेवा मेरा योगदान अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा जिसके अंतर्गत 25 प्रकार की सेवा गतिविधियां प्रस्तावित हैं। इनमें से प्रत्येक मंडल में कम से कम एक सेवा गतिविधि आयोजित की जाएगी। पौड़ी में 17 सितंबर को रक्तदान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसी प्रकार श्रीनगर में भी रक्तदान कार्यक्रम होगा। अभियान के तहत रंगोली प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। सेवा सेतु अभियान के माध्यम से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी जबकि ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ के तहत विद्यार्थियों एवं व्यवसायिक क्षेत्र से जुड़े लोगों को जोड़ा जाएगा। जिला कार्यशाला के बाद अब 6 से 10 सितंबर तक जिले के विभिन्न मंडलों में मंडल स्तरीय कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। निर्धारित तिथियों के अनुसार एकेश्वर मंडल में 6 सितंबर पोखड़ा में 7 सितंबर कोट श्रीनगर थलीसैंण और बीरोंखाल में 8 सितंबर पौड़ी पौड़ी ग्रामीण खिर्सू अगरोडा और सतपुली में 9 सितंबर तथा कल्जीखाल पाबौ और पैठाणी में 10 सितंबर को मंडल कार्यशालाएं आयोजित होंगी। जिला संयोजक गणेश भट्ट ने सभी मंडलों से पहुंची टोलियों से आह्वान किया कि प्रत्येक कार्यक्रम को निर्धारित समय पर व्यवस्थित एवं प्रभावी तरीके से संपन्न किया जाए और अभियान की गतिविधियों की जानकारी समय पर संगठन तक पहुंचाई जाए। कार्यशाला में नगर निगम श्रीनगर की मेयर आरती भंडारी जिला टोली की सह संयोजक प्रमिला भंडारी नरेंद्र रावत गणेश राठी जिला महामंत्री महिपाल सिंह नेगी नरेंद्र टम्टा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शशि जुयाल सोशल मीडिया प्रभारी सीमा भंडारी ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष जगमोहन नेगी क्रांति किशोर नेगी डॉ.रजनी रावत नगमा तौफिक मीना गैरोला शैलेंद्र नौटियाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
