Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने सोमवार को नगर निगम क्षेत्र में औद्योगिक इकाइयों ढाबों रेस्टोरेंट डेयरियों और अन्य खाद्य निर्माण इकाइयों का व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए। अधिकारियों ने खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सामग्री के रखरखाव साफ-सफाई और स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड विनय शंकर पाण्डेय एवं जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देश पर सहायक आयुक्त एवं अभिहित अधिकारी महिमानंद जोशी के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा ने औद्योगिक क्षेत्र हरिद्वार के साथ ही खड़खड़ी और भीमगोड़ा क्षेत्र में खाद्य इकाइयों रेस्टोरेंट डेयरियों ढाबों तथा अन्य निर्माण इकाइयों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने भी संग्रहित किए गए। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा ने बताया कि खड़खड़ी स्थित एक ढाबा-रेस्टोरेंट से पकी हुई दाल का नमूना जांच के लिए लिया गया। वहीं एक ग्राहक की शिकायत के आधार पर गुसाई गली भीमगोड़ा स्थित एक डेयरी से खुले दूध का नमूना लिया गया। इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक पैकेजिंग फर्म का भी आकस्मिक निरीक्षण किया गया जहां से शहद का नमूना जांच के लिए संग्रहित किया गया। निरीक्षण के दौरान ढाबा एवं रेस्टोरेंट संचालकों को खाद्य सामग्री के सुरक्षित रखरखाव प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने और निर्धारित स्वच्छता मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने खाद्य प्रतिष्ठानों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा। खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने स्पष्ट किया कि जनपद में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *