प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। राज्य निर्वाचन आयोग उत्तराखंड की अधिसूचना के क्रम में जिला मजिस्ट्रेट एवं रिटर्निंग अधिकारी जिला योजना समिति हरिद्वार मयूर दीक्षित ने जिला योजना समिति के सदस्यों के निर्वाचन के लिए नगर निकायों के निर्वाचित सभासदों एवं सदस्यों की मतदाता सूची तैयार करने की समय-सारिणी जारी कर दी है। इसके साथ ही मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जारी कार्यक्रम के अनुसार नगर निगम हरिद्वार नगर पालिका परिषद शिवालिक नगर नगर निगम रुड़की नगर पंचायत पाडली गुज्जर रामपुर बेहड़ेकी सैदाबाद नगर पालिका परिषद मंगलौर नगर पंचायत झबरेड़ा नगर पालिका परिषद लक्सर नगर पंचायत सुल्तानपुर आदमपुर लंढौरा पिरान कलियर भगवानपुर एवं इमलीखेड़ा के निर्वाचित सभासदों एवं सदस्यों की निर्वाचक नामावली तैयार की जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 8 सितंबर 2026 को निर्वाचक नामावली के आलेख्य का प्रकाशन किया जाएगा। संबंधित निर्वाचित प्रतिनिधि 10 सितंबर 2026 तक निर्वाचक नामावली का निरीक्षण कर अपने दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत कर सकेंगे। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का 12 सितंबर 2026 को निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद 15 सितंबर 2026 को अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जाएगा। जिला मजिस्ट्रेट मयूर दीक्षित ने बताया कि दावा एवं आपत्ति दाखिल करने तथा उनके निस्तारण से संबंधित समस्त कार्यवाही जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय हरिद्वार में संपन्न होगी। उन्होंने संबंधित नगर निकायों तहसीलों एवं अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित कार्यक्रम को अपने-अपने कार्यालयों के नोटिस बोर्ड पर प्रमुखता से चस्पा करने के साथ ही इसका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें ताकि सभी संबंधित निर्वाचित प्रतिनिधियों को समय पर इसकी जानकारी मिल सके। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित निर्वाचित सभासदों एवं सदस्यों से निर्धारित समयावधि में निर्वाचक नामावली का अवलोकन करने तथा आवश्यकतानुसार दावा एवं आपत्तियां प्रस्तुत करने की अपील की है। प्रशासन का उद्देश्य अंतिम मतदाता सूची को त्रुटिरहित और पारदर्शी तरीके से तैयार करना है।
