प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। बीस सूत्री कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में संचालित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा को लेकर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री आवास योजना जल जीवन मिशन हर घर नल बाल प्रतिरक्षण एवं रूटीन टीकाकरण जननी सुरक्षा योजना सहित बीस सूत्री कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की विभागवार प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष अब तक हुई प्रगति लाभार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि कुछ कार्यक्रमों की प्रगति अपेक्षाकृत कम है और कुछ कार्यक्रम सी एवं डी श्रेणी में हैं। उन्होंने ऐसे सभी कार्यक्रमों पर विशेष ध्यान देते हुए प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं एवं कार्यक्रमों में अपेक्षित प्रगति नहीं हो पा रही है उनके कारणों की विभागवार समीक्षा की जाए। साथ ही प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर उसके अनुरूप धरातल पर कार्य सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सी एवं डी श्रेणी में आने वाले कार्यक्रमों को प्राथमिकता के आधार पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए ए श्रेणी में लाने का लक्ष्य निर्धारित किया जाए। इसके लिए नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा की जाए तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ समय से उपलब्ध कराने और निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र परिवार किसी भी स्थिति में आवासीय सुविधा से वंचित न रहें और लंबित प्रकरणों का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण किया जाए। स्वास्थ्य विभाग से संबंधित बाल प्रतिरक्षण एवं रूटीन टीकाकरण तथा जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने शत-प्रतिशत पात्र बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टीकाकरण से कोई भी पात्र बच्चा छूटने न पाए। इसके लिए विभागीय टीमें क्षेत्र में नियमित निगरानी एवं जागरूकता गतिविधियां संचालित करें। साथ ही जननी सुरक्षा योजना का लाभ पात्र महिलाओं को समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि बीस सूत्री कार्यक्रम सरकार की प्राथमिकताओं से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्यक्रम है जिसके माध्यम से विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाया जाता है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं की प्रगति में सुधार लाने और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा करते हुए प्रगति रिपोर्ट समय से उपलब्ध कराई जाए। जिन योजनाओं में प्रगति कम है उनमें विशेष प्रयास कर अपेक्षित सुधार सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी समीक्षा में योजनाओं की प्रगति में स्पष्ट सुधार दिखाई देना चाहिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ.अखिलेश मिश्रा जिला पर्यटन विकास अधिकारी राहुल चौबे,मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.पारुल गोयल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
