प्रदीप कुमार
चंबा-टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर पुलिस लाइन चंबा जनपद टिहरी गढ़वाल में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर मनमोहक सांस्कृतिक एवं धार्मिक प्रस्तुतियां दी थीं। छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद पुलिस अधिकारियों कर्मचारियों एवं आमंत्रित अतिथियों का मन मोह लिया। इन प्रतिभाओं के उत्साहवर्धन और शिक्षकों के प्रयासों को प्रोत्साहित करने के लिए 7 सितंबर 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों को पुलिस कार्यालय टिहरी आमंत्रित कर कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को तैयार करने और अपनी टीम के साथ उत्कृष्ट प्रस्तुतियां देने में सहयोग करने के लिए प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान किए। साथ ही पुलिस लाइन चंबा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी प्रशस्ति पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने छात्र-छात्राओं की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों में छिपी प्रतिभा को मंच प्रदान करना और उन्हें प्रोत्साहित करना समाज एवं शिक्षकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास रचनात्मकता एवं सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं तथा शिक्षकों द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की। जन्माष्टमी कार्यक्रम में एलसीएम ब्राइट स्कॉलर्स एकेडमी मॉडर्न स्कॉलर्स एकेडमी अनट्यूंड डांस एकेडमी विद्या मंदिर चंबा एवं कार्मल स्कूल चंबा के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर विभिन्न सांस्कृतिक एवं धार्मिक प्रस्तुतियां दी थीं। सम्मान समारोह के दौरान विभिन्न विद्यालयों से छात्र-छात्राओं के साथ उपस्थित शिक्षकों में विजय प्रकाश उनियाल विद्या मंदिर चंबा पवना कुमारी एलसीएम ब्राइट स्कॉलर एकेडमी बुरांस बाड़ी चंबा पवन सुयाल कार्मल स्कूल चंबा शिवम रावत अनट्यूंड डांस एकेडमी चंबा तथा आकाश रावत मॉडर्न स्कॉलर्स स्कूल चंबा सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने कहा कि पुलिस और समाज के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ-साथ बच्चों एवं युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से पुलिस एवं आमजन के बीच आत्मीय संबंध और अधिक मजबूत होते हैं। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक दीपक सिंह क्षेत्राधिकारी चंबा महेश लखेड़ा वाचक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रवींद्र सिंह रावत प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन चंबा अमित कुमार पीआरओ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अशोक कश्यप सहित पुलिस कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
