प्रदीप कुमार
नई टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। सोमवार को जिला सभागार नई टिहरी में जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जनपदवासियों की विभिन्न समस्याओं और शिकायतों को सुना गया। इस दौरान कुल 58 आवेदन पत्र प्राप्त हुए जो पेयजल विद्युत मुआवजा पेंशन सहित अन्य विषयों से संबंधित थे। कार्यक्रम के दौरान सीएम हेल्पलाइन और जन समर्पण पोर्टल पर दर्ज लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिन प्रकरणों का समाधान हो चुका है उन्हें तत्काल संबंधित पोर्टल पर अपडेट करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने पिछले पांच वर्षों में सेवानिवृत्त कर्मचारियों से संबंधित लंबित पेंशन और जीपीएफ प्रकरणों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई प्रकरण किसी भी स्तर पर लंबित है तो उसकी सूचना तत्काल उपलब्ध कराई जाए ताकि संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए उसका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके। जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को उच्चतम न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में अपने-अपने क्षेत्रों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के अंतर्गत स्थापित कॉम्पैक्टरों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान कॉम्पैक्टरों की स्थिति संचालन और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था की कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जनता दरबार में विकासखंड नरेन्द्रनगर के ग्राम पसर के निवासियों ने बेरनी-ओडाडा-पसर मोटर मार्ग के किलोमीटर 8 में सुरक्षा दीवार नहीं होने के कारण पिछली बरसात में खेत बह जाने से हुए नुकसान की जानकारी दी। ग्रामीणों ने स्कर्व और सुरक्षा दीवार लगाए जाने की मांग की जिस पर जिलाधिकारी ने आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिला कोषाध्यक्ष अनुसूचित जाति मोर्चा टिहरी गढ़वाल पुलमदास ने ग्राम पंचायत घियाकोटी एवं बिन्दालकोटी तक संपर्क मार्ग और सुरक्षा कार्य कराए जाने की मांग रखी। इस पर संबंधित सीआरए को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। ग्राम पनियाला प्रतापनगर निवासी संजय पैन्यूली ने बताया कि सोलर पम्पिंग पेयजल योजना पनियाला की 10 सोलर प्लेट क्षतिग्रस्त होने के कारण पिछले पांच माह से आमजन को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। शिकायत पर जिलाधिकारी ने जल निगम घनसाली को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। तहसील टिहरी क्षेत्र के ग्राम जाख निवासी विमला उनियाल ने बताया कि उनके पास अन्त्योदय राशन कार्ड है लेकिन सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान के संबंधित दुकानदार द्वारा दो माह का राशन नहीं दिया जा रहा है। इस पर जिला पूर्ति अधिकारी को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करते हुए पात्र व्यक्ति को राशन का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए। विकासखंड थौलधार के ग्राम डांग गुंसाई निवासी पिगल दास ने सड़क निर्माण से क्षतिग्रस्त मार्ग की मरम्मत कराने की मांग रखी। वहीं ग्राम गवाणा हिसरीयाखाल कीर्तिनगर निवासी राजेन्द्र सिंह ने बिरसत शस्त्र लाइसेंस अपने नाम कराए जाने की मांग सहित अन्य समस्याएं रखीं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सीडीओ वरुणा अग्रवाल आईएएस प्रशिक्षु ज्योति एडीएम शैलेंद्र नेगी एसडीएम टिहरी कमलेश मेहता एसएलओ नीलू सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
