Spread the love

प्रदीप कुमार
गोपेश्वर-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने सोमवार को सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्रकरणों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पोर्टल पर दर्ज प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समयसीमा में प्रभावी समाधान करने को कहा। समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने 36 दिन से अधिक समय से लंबित 60 शिकायतों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से प्रत्येक प्रकरण में अब तक की गई कार्रवाई और वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। साथ ही लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई पूरी हो चुकी है और उनका निस्तारण कर दिया गया है उनकी स्थिति सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर भी तत्काल अपडेट की जाए। शिकायत के संबंध में की गई प्रत्येक कार्रवाई और प्रगति की जानकारी शिकायतकर्ता को भी दी जाए ताकि उसे अपनी शिकायत पर हुई कार्रवाई एवं निस्तारण की स्पष्ट जानकारी मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करते हुए अधिकारी स्वयं उनकी निगरानी करें और निस्तारण में किसी भी प्रकार का अनावश्यक विलंब न होने दें। जिन शिकायतों के समाधान में एक से अधिक विभागों की भूमिका है उनमें संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश परियोजना निदेशक आनंद सिंह उपजिलाधिकारी राज कुमार पांडे मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.राजीव पाल जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *