Spread the love

प्रदीप कुमार
गोपेश्वर-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जिला सभागार गोपेश्वर में सोमवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 27 लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करते हुए शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनता मिलन में ग्राम जस्यारा निवासी रणजीत लाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सर्वे के दौरान उनकी पत्नी का नाम दर्ज होने तथा पत्नी की मृत्यु के बाद आवास का लाभ उन्हें दिए जाने की मांग रखी। इस पर जिलाधिकारी ने परियोजना निदेशक को नाम परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी करने तथा खंड विकास अधिकारी कर्णप्रयाग को गांव में जाकर प्रकरण की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमानुसार पात्रता होने पर नाम जोड़ने की कार्रवाई की जाए। रौली निवासी अनिल रावत ने स्वरोजगार के लिए विद्यालय भवन उपलब्ध कराने की मांग रखी। जिलाधिकारी ने जिला शिक्षा अधिकारी को विद्यालय भवन की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं सिरौं निवासी विजय सिंह रावत ने लोक निर्माण विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी नहीं होने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को उसी दिन अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी कर शिकायतकर्ता को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। चेपड़ो निवासी देवेन्द्र सिंह रावत ने चैन लिंक फेंसिंग की मांग रखी। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य कृषि अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डुमक निवासी राजेंद्र सिंह भंडारी ने वन भूमि हस्तांतरण से संबंधित शिकायत जिलाधिकारी के समक्ष रखी। जिलाधिकारी ने प्रकरण के समाधान के लिए गुरुवार को अपर जिलाधिकारी वन विभाग प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सगर निवासी हरीश रावत गौणा निवासी गजेन्द्र सिंह रावत तपोवन निवासी कस्तूरा देवी रोपा निवासी बंशी लाल सहित अन्य लोगों ने भी अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने सभी प्रकरणों पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनता मिलन कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश उपजिलाधिकारी राज कुमार पांडे परियोजना निदेशक आनंद सिंह मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.राजीव पाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए आमजन ने भी भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *