प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में कानून व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं की तत्परता को परखने के क्रम में पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग विकास पुण्डीर ने फायर स्टेशन रतूड़ा का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आगामी केदारनाथ यात्रा बारिश और संभावित आपदाओं के दृष्टिगत अग्निशमन एवं बचाव व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण की शुरुआत में पुलिस उपाधीक्षक ने उपस्थित फायर कार्मिकों का मान प्रणाम ग्रहण कर उनके टर्नआउट का जायजा लिया। इस दौरान स्टेशन प्रभारी अमित कुमार अधीनस्थ कार्मिकों सहित सुसज्जित और निर्धारित वर्दी में उपस्थित मिले। पुलिस उपाधीक्षक ने कार्मिकों से संवाद कर उनकी व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याओं की जानकारी ली जिस पर किसी भी कार्मिक ने कोई समस्या व्यक्त नहीं की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बचाव एवं अग्निशमन अभियानों के दौरान व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से उपयोग किया जाए। उन्होंने कहा कि अपनी सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता न करते हुए कर्तव्य का निर्वहन किया जाए। निरीक्षण के दौरान फायर स्टेशन पर उपलब्ध सभी अग्निशमन वाहनों और जीवनरक्षक आपदा उपकरणों की कार्यशीलता का भौतिक सत्यापन किया गया। विभिन्न मशीनों एवं उपकरणों का मौके पर संचालन करवाकर उनकी कार्यक्षमता भी परखी गई जो पूर्णतः कार्यशील स्थिति में पाए गए। इसके साथ ही परिसर वॉचरूम कार्यालय स्टोर और बैरकों का निरीक्षण किया गया। व्यवस्थाओं तथा विभागीय अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव पर पुलिस उपाधीक्षक ने संतोष व्यक्त किया। प्रचलित केदारनाथ यात्रा और लगातार हो रही बारिश के दृष्टिगत संभावित आपदाओं को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक ने स्टेशन पर पर्याप्त जनशक्ति सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला एवं पुरुष फायर कार्मिकों को उपकरणों के संचालन का नियमित अभ्यास कराने को कहा ताकि आवश्यकता पड़ने पर किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने स्टेशन प्रभारी को निर्देशित किया कि ड्यूटी पर तैनात कार्मिकों का रोटेशन नियमानुसार किया जाए तथा जनपद की सभी स्थायी एवं अस्थायी फायर यूनिटों का समय-समय पर निरीक्षण जारी रखा जाए। साथ ही आमजन एवं स्कूली बच्चों के बीच अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम संचालित करने और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का फायर सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिए गए। पुलिस उपाधीक्षक ने उच्चाधिकारियों द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने को भी कहा ताकि आपदा एवं अग्निशमन संबंधी किसी भी स्थिति में जनपद की आपातकालीन सेवाएं पूरी तत्परता के साथ कार्य कर सकें।
