Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के निर्देशन में जनपद में वांछित अभियुक्तों एवं वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत देवप्रयाग पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक गैर जमानती वारंटी को जनपद उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार वारंटी को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर के निर्देशन में कोतवाली देवप्रयाग पुलिस द्वारा न्यायालय से जारी गैर जमानती वारंट की तामील के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इसी क्रम में पुलिस टीम को मुखबिर से वारंटी के चिन्यालीसौड़ क्षेत्र में मौजूद होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चिन्यालीसौड़ पहुंचकर 9 सितंबर 2026 को वारंटी अभियुक्त ऐल सिंह नेगी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त ऐल सिंह नेगी पुत्र धनी सिंह ग्राम कोरदी पोस्ट घहरी थाना लंबगांव जनपद टिहरी गढ़वाल का निवासी है। उसका वर्तमान पता कोऑपरेटिव बैंक के निकट अस्पताल रोड के पास स्थित नेगी भोजनालय चिन्यालीसौड़ जनपद उत्तरकाशी बताया गया है। पुलिस के अनुसार ऐल सिंह नेगी के विरुद्ध न्यायिक मजिस्ट्रेट कीर्तिनगर टिहरी गढ़वाल के न्यायालय से गैर जमानती वारंट जारी किया गया था। देवप्रयाग पुलिस द्वारा उसकी तलाश एवं गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। अभियान के तहत टिहरी पुलिस द्वारा वांछित अभियुक्तों एवं वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक योगेंद्र शर्मा तथा कांस्टेबल पवन कुमार कोतवाली देवप्रयाग जनपद टिहरी गढ़वाल शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *