Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव को लेकर बिड़ला परिसर के निदेशक प्रो.हरिभजन सिंह चौहान की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो.एमसी सती मुख्य नियंता प्रो.दीपक कुमार मुख्य छात्र सलाहकार प्रो.एमएम सेमवाल तथा उप चुनाव अधिकारी प्रो.सीमा धवन ने चुनाव प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न विषयों पर दिशा-निर्देश दिए। बैठक में विश्वविद्यालय के पीठासीन अधिकारियों और उप पीठासीन अधिकारियों ने भी प्रतिभाग किया। बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो.एमसी सती ने चुनाव आचार संहिता के प्रभावी अनुपालन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव प्रचार से संबंधित किसी भी प्रकार की सामग्री मतदान परिसर में प्रतिबंधित रहेगी। साथ ही मतदान केंद्रों पर मोबाइल फोन के उपयोग को पूरी तरह प्रतिबंधित रखा जाएगा। मुख्य छात्र सलाहकार प्रो.एमएम सेमवाल ने चुनाव प्रक्रिया की वीडियोग्राफी को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मतदान प्रक्रिया की समुचित रिकॉर्डिंग के साथ ही चुनाव से जुड़ी सभी गतिविधियों की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि प्रातः 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदाताओं के प्रवेश और मतदान की प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार संचालित की जाएगी। उन्होंने पीठासीन अधिकारियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी सतर्कता और निष्पक्षता के साथ करने के निर्देश दिए। मुख्य नियंता प्रो.दीपक कुमार ने परिसर में अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि चुनाव के दौरान अनुशासन बनाए रखने के लिए विश्वविद्यालय के अनुशासन बोर्ड के सदस्य और पुलिस प्रशासन के जवान तैनात रहेंगे। उप चुनाव अधिकारी प्रो.सीमा धवन ने सभी मतदान अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में चुनाव से जुड़े नियमों और दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए। बिड़ला परिसर के निदेशक प्रो.हरिभजन सिंह चौहान ने चुनाव से संबंधित जिम्मेदारियों और कर्तव्यों को निष्ठापूर्वक निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की गरिमा और लोकतांत्रिक परंपराओं को ध्यान में रखते हुए सभी अधिकारी और कर्मचारी निष्पक्षता तथा जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभाएं। विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव आठ पदों के लिए आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें अध्यक्ष उपाध्यक्ष सचिव सहसचिव विश्वविद्यालय प्रतिनिधि और छात्रा प्रतिनिधि के पदों के लिए मतदान होगा। वहीं कोषाध्यक्ष और कार्यकारिणी सदस्य पद पर प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। छात्रसंघ चुनाव में विश्वविद्यालय के लगभग 9 हजार छात्र-छात्राएं मतदाता के रूप में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव समिति द्वारा शांतिपूर्ण निष्पक्ष और व्यवस्थित मतदान के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *