Spread the love

प्रदीप कुमार
भगवानपुर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। भगवानपुर पुलिस ने लूट की घटना का 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया ओप्पो एफ29 प्रो मोबाइल फोन एक हजार रुपये की नकदी घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और अवैध तमंचा व कारतूस बरामद किया है। जानकारी के अनुसार 9 सितंबर 2026 को मनीराम पुत्र चांद सिंह निवासी डेलना थाना झबरेड़ा हरिद्वार ने थाना भगवानपुर में तहरीर दी थी कि मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात युवकों ने तमंचा दिखाकर डराते-धमकाते हुए उनका ओप्पो एफ29 प्रो मोबाइल फोन और 2,420 रुपये की नकदी लूट ली। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और घटना के खुलासे के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी भगवानपुर के दिशा-निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर के नेतृत्व में चार पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने घटनास्थल और घटना से जुड़े आने-जाने वाले मार्गों के डिजिटल फुटप्रिंट संकलित कर उनका विश्लेषण किया। साथ ही क्षेत्र में मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। पुलिस के लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप 10 सितंबर 2026 को घटना में शामिल तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक ओप्पो एफ29 प्रो मोबाइल फोन एक हजार रुपये नकद घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेण्डर प्लस मोटरसाइकिल UK17Z-3041 एक देशी तमंचा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। बरामदगी के आधार पर मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मौहम्मद उमर पुत्र आफताब निवासी माधोपुर थाना गंगनहर हरिद्वार शाहनवीर पुत्र इस्फाक निवासी सिरचन्दी थाना भगवानपुर हरिद्वार और फैजान पुत्र इरफान निवासी सिकन्दरपुर थाना भगवानपुर हरिद्वार के रूप में हुई है। मामले की कार्रवाई में उपनिरीक्षक मुकेश नौटियाल अपर उपनिरीक्षक प्रदीप चौहान हेड कांस्टेबल अरविन्द तोमर कांस्टेबल राजेन्द्र वर्मा कांस्टेबल सन्दीप राणा कांस्टेबल उवैद और कांस्टेबल रविन्द्र राणा शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *