प्रदीप कुमार
मंगलौर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कोतवाली मंगलौर पुलिस ने 16.10 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 4.83 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक इलेक्ट्रिक स्कूटी भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मंगलौर द्वारा नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में उपनिरीक्षक नवीन चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम लंढौरा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी में उसके कब्जे से 16.10 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4,83,000 रुपये है। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त एक इलेक्ट्रिक स्कूटी भी पुलिस ने बरामद की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान फैज मौहम्मद पुत्र फरागत निवासी रणसूरा कोतवाली लक्सर जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध कोतवाली मंगलौर में संबंधित प्रावधानों के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक नवीन चौहान हेड कांस्टेबल शूरबीर चौहान और कांस्टेबल नरेश कुमार शामिल रहे।
