Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने शनिवार को श्री बद्रीनाथ धाम में मास्टर प्लान के अंतर्गत संचालित निर्माण एवं विकास कार्यों की हितधारकों के साथ बैठक कर विस्तृत समीक्षा की। बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों प्रभावित लोगों तीर्थ पुरोहितों व्यापारियों तथा संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों से विकास कार्यों को लेकर सुझाव लिए गए। साथ ही उनकी समस्याओं एवं शंकाओं का समाधान किया गया। बैठक में मास्टर प्लान के अंतर्गत नव निर्मित परिसंपत्तियों के आवंटन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने कहा कि मास्टर प्लान के कारण प्रभावित हुए लोगों तथा स्थानीय लोगों के हितों को प्राथमिकता देते हुए पारदर्शी तरीके से आवंटन की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि धाम में विकसित की जा रही परिसंपत्तियों का लाभ पात्र एवं प्रभावित लोगों को प्राथमिकता के आधार पर मिलना चाहिए। हितधारकों ने दुकानों के आवंटन दुकानों के निर्माणाधीन आकार स्थान उपयोगिता एवं आवंटन की प्रक्रिया सहित विभिन्न बिंदुओं पर सुझाव और जिज्ञासाएं रखीं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी बिंदुओं पर स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने तथा स्थानीय लोगों की शंकाओं का निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के साथ-साथ प्रभावित एवं स्थानीय लोगों की सुविधाओं और आवश्यकताओं का भी विशेष ध्यान रखा जाए। बैठक में मास्टर प्लान के तहत वर्तमान में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी संबंधित कार्यदायी संस्थाओं द्वारा दी गई। उपजिलाधिकारी जोशीमठ चंद्रशेखर वशिष्ट ने बताया कि मास्टर प्लान के अंतर्गत तैयार की गई परिसंपत्तियों एवं अन्य सुविधाओं में चरणबद्ध तरीके से स्थानांतरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि संबंधित लाभार्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के बाद चरणबद्ध रूप से स्थानांतरित किया जाएगा जिससे स्थानांतरण की प्रक्रिया व्यवस्थित रूप से पूरी हो सके। जिलाधिकारी ने मास्टर प्लान के अंतर्गत चल रहे फसाड कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धाम की एकरूपता सुंदरता एवं ऐतिहासिक स्वरूप को ध्यान में रखते हुए फसाड कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शीघ्र पूरा किया जाए। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बद्रीनाथ धाम को विश्वस्तरीय सुव्यवस्थित सुरक्षित एवं आधुनिक सुविधाओं से युक्त तीर्थ नगरी के रूप में विकसित करने के लिए सभी हितधारकों के सुझावों एवं सहयोग को प्राथमिकता दी जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश उपजिलाधिकारी जोशीमठ चंद्रशेखर वशिष्ट जिला पर्यटन विकास अधिकारी अरविंद गौड़ सहित संबंधित विभागों कार्यदायी संस्थाओं एवं अन्य हितधारकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *