प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। पुलिस मॉडर्न स्कूल रोशनाबाद में अध्ययनरत कक्षा 10वीं के छात्र कुलश्रेष्ठ ने राष्ट्रीय स्तर की वॉविनाम मार्शल आर्ट्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर हरिद्वार पुलिस का मान बढ़ाया है। राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद उनका चयन आगामी नवंबर माह में कंबोडिया में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है जहां वह भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। 11 सितंबर 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह ने पुलिस मॉडर्न स्कूल रोशनाबाद पहुंचकर छात्र कुलश्रेष्ठ को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में सफलता हासिल करने और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन जम्मू-कश्मीर में किया गया था जिसमें कुलश्रेष्ठ ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में अपनी जगह बनाई है। कुलश्रेष्ठ इससे पूर्व भी कई प्रतियोगिताओं में सफलता हासिल कर चुके हैं। उनकी इस उपलब्धि से हरिद्वार पुलिस मॉडर्न स्कूल की उपलब्धियों में एक और गौरवपूर्ण अध्याय जुड़ गया है। आगामी नवंबर माह में कंबोडिया में होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में वह भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने छात्र का उत्साहवर्धन करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य एवं आगामी प्रतियोगिता में सफलता की कामना की। उन्होंने प्रतियोगिता की तैयारियों के संबंध में छात्र को हरसंभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन देते हुए कहा कि आवश्यकता पड़ने पर हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस मॉडर्न स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ-साथ खेल एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करना गर्व का विषय है। ऐसे प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना हर स्तर पर आवश्यक है। इस अवसर पर सीओ लाइन बलूनी प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन प्रवीण आलोक प्रधानाचार्य ममता तोमर एवं खेल प्रशिक्षक धीरज कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे।
