प्रदीप कुमार
बद्रीनाथ-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। श्री बद्रीनाथ धाम में भगवान बद्रीनारायण के दर्शन की इच्छा लेकर पहुंचे बुजुर्ग असहाय एवं दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए पुलिस एसडीआरएफ और होमगार्ड के जवान सेवा और संवेदना की मिसाल पेश कर रहे हैं। चलने में असमर्थ श्रद्धालुओं को जवान सहारा देकर सुरक्षित रूप से मंदिर तक पहुंचा रहे हैं और उन्हें भगवान के दर्शन करवा रहे हैं। जवानों की इस सेवा से श्रद्धालुओं के लिए मंदिर तक पहुंचना आसान हो रहा है। इन श्रद्धालुओं के लिए यह केवल मंदिर तक पहुंचने का सफर नहीं बल्कि नारायण के दर्शन की वर्षों से संजोई आस्था को पूरा करने का भावुक पल है। पुलिस एसडीआरएफ और होमगार्ड के जवान श्रद्धालुओं की इस आस्था को सहारा देकर उन्हें सुरक्षित रूप से दर्शन करवाने में सहयोग कर रहे हैं।
