Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर वर्ष 2026-27 के लिए विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले दिव्यांगजनों एवं उनसे संबंधित व्यक्तियों को राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके लिए पात्र अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया ने बताया कि निदेशालय समाज कल्याण के निर्देश के तहत 3 दिसम्बर 2026 को विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट दिव्यांग कर्मचारियों स्वरोजगार में रत दिव्यांग व्यक्तियों दिव्यांगजनों के सेवायोजकों प्लेसमेंट अधिकारियों तथा उत्कृष्ट दिव्यांग खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए जाने हैं। पुरस्कार के लिए इच्छुक पात्र अभ्यर्थियों को आवेदन के साथ अपना बायोडाटा तथा किए गए कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करना होगा। उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी 10 अक्टूबर 2026 तक अपने आवेदन पत्र तीन प्रतियों में जिला समाज कल्याण अधिकारी पौड़ी गढ़वाल के कार्यालय में जमा कर सकते हैं। आवेदन पत्र जिला समाज कल्याण कार्यालय से ही प्राप्त किए जाएंगे तथा निर्धारित प्रारूप में भरकर वहीं जमा किए जा सकेंगे। प्राप्त आवेदनों की निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच एवं संस्तुति के बाद निदेशालय समाज कल्याण को भेजा जाएगा। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने जनपद के सभी पात्र दिव्यांग कर्मचारियों स्वरोजगाररत दिव्यांगजनों सेवायोजकों प्लेसमेंट अधिकारियों एवं उत्कृष्ट दिव्यांग खिलाड़ियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि तक आवश्यक अभिलेखों एवं अपने प्रशंसनीय कार्यों के विवरण सहित आवेदन प्रस्तुत करें ताकि उनके प्रकरण राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए नियमानुसार विचारार्थ भेजे जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *