Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रुद्रप्रयाग के तत्वावधान में अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश नीना अग्रवाल के मार्गदर्शन में शनिवार को जनपद न्यायालय रुद्रप्रयाग एवं बाह्य न्यायालय ऊखीमठ में राष्ट्रीय लोक अदालत का सफल आयोजन किया गया। लोक अदालत का उद्देश्य न्यायालयों में लंबित एवं प्री-लिटिगेशन स्तर के वादों का आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण कर पक्षकारों को शीघ्र एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराना रहा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सिविल जज एवं सचिव पायल सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में बैंकों से संबंधित प्री-लिटिगेशन वादों के कुल 66 मामलों का पक्षकारों के मध्य आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण किया गया। इन मामलों में कुल 31,27,800 रुपये की समझौता राशि वसूल की गई। पीठ 1 में जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नीना अग्रवाल तथा अधिवक्ता सदस्य उदय सिंह जगवाण ने कुल 16 वादों का निस्तारण किया। इन वादों में पक्षकारों के मध्य आपसी सुलह-समझौते के आधार पर कुल 24,54,500 रुपये की समझौता राशि वसूल की गई। पीठ 2 में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रुद्रप्रयाग अमित कुमार एवं अधिवक्ता सदस्य प्यार सिंह नेगी ने कुल 68 वादों का निस्तारण किया। इन वादों में कुल 11,54,442 रुपये की समझौता राशि वसूल की गई। पीठ 3 में सिविल जज जूनियर डिवीजन एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट बाह्य न्यायालय ऊखीमठ संतोष पच्छिमी तथा अधिवक्ता सदस्य सुधीर कुमार शुक्ला ने कुल तीन वादों का निस्तारण किया। इन वादों में कुल 2,70,000 रुपये की समझौता राशि वसूल की गई। राष्ट्रीय लोक अदालत के समग्र परिणाम के तहत विभिन्न प्रकृति के कुल 86 वादों का निस्तारण किया गया तथा कुल 70,06,742 रुपये की समझौता राशि वसूल की गई। लोक अदालत के माध्यम से पक्षकारों को आपसी सहमति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में अपने विवादों का समाधान प्राप्त करने का अवसर मिला। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बताया कि लोक अदालत विवादों के वैकल्पिक समाधान का एक प्रभावी एवं सरल माध्यम है जिसमें पक्षकारों के मध्य आपसी सहमति के आधार पर विवादों का निस्तारण किया जाता है। इससे पक्षकारों के समय एवं धन की बचत होती है और न्यायालयों में लंबित वादों के शीघ्र निस्तारण में भी सहायता मिलती है। राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल एवं सुचारू संचालन में विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। विशेष रूप से परिवहन विभाग रुद्रप्रयाग संभागीय परिवहन अधिकारी धर्मेन्द्र बिष्ट पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों बार एसोसिएशन रुद्रप्रयाग के समस्त अधिवक्ताओं तथा न्यायालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहयोग दिया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रुद्रप्रयाग ने राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करने वाले सभी विभागों अधिवक्ताओं न्यायिक अधिकारियों एवं न्यायालय कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही आमजन से अपील की गई कि वे अपने लंबित अथवा संभावित विवादों के शीघ्र एवं सौहार्दपूर्ण समाधान के लिए लोक अदालत एवं विधिक सेवा प्राधिकरण की सेवाओं का अधिकाधिक लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *