प्रदीप कुमार
ज्वालापुर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कार का शीशा तोड़कर मोबाइल फोन और नगदी चोरी करने वाले दो आरोपियों को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन और 1720 रुपये नगद बरामद किए गए। 12 सितंबर 2026 को वादी रमाकांत शुक्ला निवासी बसंत विहार फेस-2 थाना कनखल हरिद्वार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि अज्ञात चोरों ने सराय रोड ज्वालापुर में उनकी कार का शीशा तोड़कर डैशबोर्ड पर रखा बीबो कंपनी का मोबाइल फोन और 2000 रुपये नगद चोरी कर लिए। सूचना पर कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। एसएसपी हरिद्वार के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर चन्द्रभान सिंह अधिकारी ने घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तत्काल थाना स्तर पर पुलिस टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिर तंत्र को क्षेत्र में सक्रिय करते हुए सुरागरसी-पतारसी की गई संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई और अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस टीम के प्रयासों के क्रम में 12 सितंबर 2026 को दो आरोपियों शंकर पुत्र बहादुर निवासी ग्राम सराय कोतवाली ज्वालापुर हरिद्वार और समीर पुत्र तनवीर निवासी ग्राम सराय कोतवाली ज्वालापुर को लालपुर अंडरपास के पास से चोरी के सामान के साथ हिरासत में लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बीबो कंपनी का मोबाइल फोन और 1720 रुपये नगद बरामद किए। बरामदगी के आधार पर मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है। पुलिस टीम में प्रभारी चौकी बाजार उपनिरीक्षक पुष्कर चौहान कांस्टेबल बृजमोहन कांस्टेबल मनोज डोभाल कांस्टेबल रवि कुमार और कांस्टेबल रणवीर चौहान शामिल रहे।
