प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। 6 सितंबर को एक महिला ने कोतवाली नगर हरिद्वार में तहरीर देकर अपने 15 वर्षीय पुत्र के साथ छेड़खानी एवं दुष्कर्म करने तथा जान से मारने की धमकी दिए जाने की शिकायत की थी। तहरीर के आधार पर कोतवाली नगर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया। प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। निर्देशों के क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। गठित पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए लगातार सुरागरसी-पतारसी की। पुलिस टीम के अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप 12 सितंबर 2026 को मामले में वांछित रामलाल उर्फ दामू पुत्र चन्द्रभान निवासी ग्राम फिरोजपुर थाना सीवान कैथल हरियाणा उम्र 34 वर्ष को फिरोजपुर कैथल हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर कुन्दन सिंह राणा उपनिरीक्षक निशा सिंह अपर उपनिरीक्षक दीपक ध्यानी हेड कांस्टेबल संजीव राणा और कांस्टेबल विकास गैरोला शामिल रहे।
