Spread the love

प्रदीप कुमार
रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिला सभागार रुद्रप्रयाग में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में “Celebration of Six Years of Nasha Mukt Bharat Abhiyaan” के तहत प्रस्तावित मेगा इवेंट को लेकर बैठक आयोजित की गई। प्रस्तावित मेगा इवेंट सितंबर 2026 के तीसरे अथवा चौथे सप्ताह में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी जालंधर पंजाब में आयोजित किया जाना है। बैठक में जिलाधिकारी ने समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी टीआर मलेठा ने बताया कि अभियान के तहत जनपद के समस्त शैक्षणिक एवं उच्च शैक्षणिक संस्थानों निजी शिक्षण संस्थानों विकासखंडों तहसील स्तर तथा जनपद मुख्यालय स्तर पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान नशे के विरुद्ध सामूहिक शपथ के साथ ही ई-प्लेज कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जनपद की कुल जनसंख्या के कम से कम 10 प्रतिशत लोगों को ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से नशामुक्ति की शपथ दिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लक्ष्य की पूर्ति के लिए अपने-अपने विभागों से जुड़े कार्मिकों लाभार्थियों एवं जनप्रतिनिधियों को भी नशे के विरुद्ध शपथ दिलाई जाए। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि नशा व्यक्ति परिवार और समाज के लिए गंभीर चुनौती है। इसके विरुद्ध प्रभावी जनजागरूकता के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान को केवल औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए अधिक से अधिक युवाओं विद्यार्थियों और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की जाए ताकि जनपद को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *