Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। सीएम पोर्टल पर लंबित शिकायतों की समीक्षा बैठक लेते हुए सोमवार को जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने जनपद स्तरीय अधिकारियों को लंबित शिकायतों का यथाशीघ्र और अनिवार्य रूप से निस्तारण करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा शिकायत का निस्तारण होने के बाद संबंधित शिकायतकर्ता को भी अनिवार्य रूप से इसकी सूचना दी जाए। जिलाधिकारी ने सीएम पोर्टल पर शिकायतों के निस्तारण के लिए नामित नोडल अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान पाया गया कि जनपद स्तर पर सीएम पोर्टल पर एल-1 स्तर की 81 और एल-2 स्तर की 10 शिकायतें कुल 91 शिकायतें निस्तारण के लिए लंबित हैं। बैठक में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि इससे पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं वर्चुअल माध्यम से सीएम पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा की थी। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को लंबित शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए थे। जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जनपद में साप्ताहिक रूप से सीएम पोर्टल की समीक्षा की जाती है। अधिकांश शिकायतों का समयबद्ध तरीके से निस्तारण किया जा रहा है और वर्तमान में लंबित शिकायतों के संबंध में संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही निस्तारण की कार्रवाई के बाद संबंधित शिकायतकर्ता को इसकी जानकारी भी दी जाए ताकि उसे अपनी शिकायत के संबंध में हुई कार्रवाई की जानकारी मिल सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.पारुल गोयल मुख्य पशु चिकित्साधिकारी आशीष रावत जिला पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे जिला पूर्ति अधिकारी के.एस. कोहली जिला आबकारी अधिकारी रमेश बंगवाल उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत उपजिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया प्रभारी मुख्यमंत्री शिकायत प्रकोष्ठ विनोद कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *