Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने जिला सभागार में केदारनाथ यात्रा के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में यात्रा मार्ग स्वास्थ्य पेयजल पशुपालन खाद्य आपूर्ति यातायात स्वच्छता सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यात्रा की सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा मार्ग की सड़कों को 15 अक्टूबर तक अनिवार्य रूप से गड्ढामुक्त किया जाए। उन्होंने इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्षा के कारण यदि कहीं सड़क बंद होती है तो उसे तत्काल यातायात के लिए खोला जाए। इसके लिए संवेदनशील स्थानों पर आवश्यक मशीनरी की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को सभी एमआरपी में पर्याप्त संख्या में चिकित्सकों की तैनाती के साथ आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हों और किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी का तत्काल समाधान किया जा सके। पशुपालन विभाग को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने सभी पशु चिकित्सा केंद्रों पर आवश्यक दवाओं की उपलब्धता और चिकित्सकों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही यात्रा मार्ग पर पशुओं के लिए पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभाग को सभी पेयजल लाइनों की मरम्मत एवं आवश्यक रखरखाव का कार्य समय से पूरा करने को भी कहा। जिलाधिकारी ने चिरबासा क्षेत्र में क्षतिग्रस्त हुए साइन बोर्डों को शीघ्र पुनः स्थापित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। वहीं पूर्ति विभाग को यात्रा अवधि के दौरान पर्याप्त मात्रा में खाद्यान्न का भंडारण एवं उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा ताकि स्थानीय लोगों के साथ ही यात्रियों को भी किसी प्रकार की परेशानी न हो। खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा विभाग को यात्रा मार्ग एवं प्रमुख व्यापारिक प्रतिष्ठानों में नियमित निरीक्षण और छापेमारी की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रतिष्ठान में एक्सपायरी डेट की खाद्य सामग्री या मानकविहीन उत्पाद पाए जाते हैं तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। आबकारी विभाग को भी यात्रा मार्ग पर लगातार चेकिंग एवं छापेमारी की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि यात्रा मार्ग पर अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखा जाए। यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रभावी ट्रैफिक मैनेजमेंट सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि यात्रा के दौरान अनावश्यक जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने यात्रा मार्ग के सभी पड़ावों पर स्वच्छता एवं कूड़ा निस्तारण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि केदारनाथ यात्रा से संबंधित सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण की जाएं। उन्होंने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.पारुल गोयल मुख्य पशु चिकित्साधिकारी आशीष रावत जिला पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे जिला पूर्ति अधिकारी के.एस. कोहली जिला आबकारी अधिकारी रमेश बगंवाल उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत तथा उपजिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *