प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर पर्यटन विभाग की ओर से संचालित दीन दयाल मातृ-पितृ योजना के तहत मंगलवार को चमोली से 34 वरिष्ठ नागरिकों का पहला दल गंगोत्री धाम की तीर्थयात्रा के लिए रवाना हुआ। गोपेश्वर बस स्टैंड से भेषज संघ के अध्यक्ष सतेंद्र असवाल एवं भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल ने हरी झंडी दिखाकर दल को रवाना किया। इस दौरान तीर्थयात्रियों का माल्यार्पण कर स्वागत भी किया गया। दीन दयाल मातृ-पितृ योजना के तहत राज्य में निवास करने वाले 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को तीर्थयात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। योजना का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को तीर्थस्थलों के दर्शन की सुविधा प्रदान करना है ताकि वे सुगमता से धार्मिक यात्रा कर सकें। यात्रा के दौरान वरिष्ठ नागरिकों के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम की ओर से निःशुल्क परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। इसके साथ ही गढ़वाल मंडल विकास निगम की ओर से यात्रियों के लिए आवास भोजन और गाइड की सुविधा भी प्रदान की जाती है। इससे तीर्थयात्रियों को यात्रा के दौरान आवागमन के साथ ही ठहरने और भोजन की सुविधा भी मिलती है। पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़ ने बताया कि 34 सदस्यीय दल चार दिवसीय यात्रा पर रवाना हुआ है। दल शुक्रवार को वापस गोपेश्वर पहुंचेगा। उन्होंने बताया कि योजना के तहत समय-समय पर जनपद से वरिष्ठ नागरिकों के अन्य दलों को भी तीर्थयात्रा पर भेजने की व्यवस्था की जाएगी जिससे अधिक से अधिक पात्र वरिष्ठ नागरिक इस योजना का लाभ ले सकें। दल के रवाना होने के अवसर पर भाजपा महामंत्री विनोद कनवासी जनार्दन थपलियाल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
