Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला पौड़ी गढ़वाल की ओर से बुधवार को श्रीनगर स्थित बेस अस्पताल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ युवाओं में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। रक्तदान शिविर में भाजयुमो के जिला प्रभारी गणेश भट्ट जिला अध्यक्ष गणेश राठी भाजपा जिला उपाध्यक्ष गिरीश पैन्यूली महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रमिला भंडारी श्रीनगर भाजयुमो अध्यक्ष यशीश रावत व्यापार सभा जिला अध्यक्ष वासुदेव कंडारी सोशल मीडिया प्रभारी सीमा भंडारी सहित भाजपा एवं युवा मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस अवसर पर भाजयुमो जिला प्रभारी गणेश भट्ट ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने और समाज में सेवा की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया। भाजयुमो जिलाध्यक्ष गणेश राठी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन को सेवा एवं जनकल्याण के कार्यों के माध्यम से मनाने का निर्णय लिया गया है। इसी क्रम में रक्तदान शिविर आयोजित कर युवाओं ने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का संदेश दिया। शिविर में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। आयोजकों ने रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के सेवा कार्यों को भविष्य में भी निरंतर जारी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण सेवा कार्य है। इसके साथ ही श्रीनगर मंडल की ओर से संयुक्त चिकित्सालय में मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल के नेतृत्व में मरीजों को फल भी वितरित किए गए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *