प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातकोत्तर पीजी पाठ्यक्रमों एवं बैचलर ऑफ लाइब्रेरी एंड इंफॉर्मेशन साइंस बीएलआईएस में रिक्त सीटों को मेरिट के आधार पर भरने के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय ने इस संबंध में 15 सितंबर 2026 को प्रवेश परिपत्र जारी किया है। विश्वविद्यालय के परिसरों तथा संबद्ध महाविद्यालयों और संस्थानों में संचालित पीजी पाठ्यक्रमों में यह प्रवेश प्रक्रिया लागू होगी। हालांकि बीएड एमएड बीपीएड एमपीएड एलएलबी एवं एलएलएम पाठ्यक्रमों को इस प्रक्रिया से बाहर रखा गया है।प्रवेश अभ्यर्थियों की अर्हता परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार मेरिट के अनुसार किया जाएगा।
18 सितंबर रात 11:55 बजे तक होगा पंजीकरण
विश्वविद्यालय ने सभी पात्र एवं इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए 16 सितंबर से 18 सितंबर 2026 रात 11:55 बजे तक समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण करना अनिवार्य किया है। पंजीकरण शुल्क सामान्य अभ्यर्थियों के लिए 400 रुपये जबकि एससी एसटी एवं पीडब्ल्यूडी अभ्यर्थियों के लिए 200 रुपये निर्धारित किया गया है। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश की अंतिम तिथि 21 सितंबर 2026 है। अभ्यर्थियों को इस तिथि तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने के साथ निर्धारित शुल्क भी जमा करना होगा।
बिरला परिसर में कई पाठ्यक्रमों में सीटें रिक्त
15 सितंबर 2026 की स्थिति के अनुसार श्रीनगर स्थित बिरला परिसर में बीएलआईएस एमएलआईएस मानव विज्ञान अर्थशास्त्र अंग्रेजी भूगोल हिंदी इतिहास पत्रकारिता एवं जनसंचार गणित संगीत दर्शनशास्त्र राजनीति विज्ञान मनोविज्ञान संस्कृत समाजशास्त्र योगिक साइंस सहित विभिन्न एमए और एमएससी पाठ्यक्रमों में रिक्त सीटें उपलब्ध हैं। इसके अलावा एमबीए एमबीए टूरिज्म एंड ट्रैवल मैनेजमेंट एमकॉम एमसीए एमफार्म एमएसडब्ल्यू, एमटेक तथा विभिन्न पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में भी सीटें उपलब्ध हैं।
पौड़ी और टिहरी परिसरों में भी अवसर
डॉ.बीजीआर परिसर पौड़ी में अर्थशास्त्र अंग्रेजी भूगोल हिंदी इतिहास गृह विज्ञान गणित राजनीति विज्ञान संस्कृत समाजशास्त्र सहित विभिन्न एमए तथा एमएससी पाठ्यक्रमों में रिक्त सीटें हैं। एसआरटी परिसर टिहरी में भी रसायन विज्ञान गृह विज्ञान गणित भौतिक विज्ञान सांख्यिकी वाणिज्य रक्षा एवं रणनीतिक अध्ययन भूविज्ञान भूगोल शिक्षा अंग्रेजी हिंदी संस्कृत अर्थशास्त्र इतिहास राजनीति विज्ञान समाजशास्त्र वनस्पति विज्ञान एवं जंतु विज्ञान सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों में सीटें रिक्त हैं। विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि पंजीकरण से पहले संलग्न सूची में अपने पसंदीदा पाठ्यक्रम में उपलब्ध रिक्त सीटों की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। संबद्ध महाविद्यालयों एवं संस्थानों में प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों को सीटों की उपलब्धता और प्रवेश प्रक्रिया की जानकारी के लिए संबंधित संस्थान से सीधे संपर्क करना होगा।
मेरिट और पात्रता के आधार पर होगा प्रवेश
विश्वविद्यालय के अनुसार प्रवेश निर्धारित नियमों पात्रता मानदंड तथा उपलब्ध रिक्त सीटों के आधार पर तैयार मेरिट सूची के अनुसार किया जाएगा। प्रवेश परिपत्र डीन ऑफ स्टूडेंट वेलफेयर प्रो.ओपी गुसाईं की ओर से जारी किया गया है।
