Spread the love

प्रदीप कुमार
कनखल-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कोतवाली कनखल पुलिस ने नाबालिग को इंस्टाग्राम के जरिए प्रेम जाल में फंसाकर दुष्कर्म करने फोटो और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के आरोप में एक युवक को 24 घंटे के भीतर बिजनौर से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी युवक बिजनौर से हरिद्वार आया था और घटना के बाद फरार होकर वापस बिजनौर चला गया था। नाबालिग की मां की ओर से शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रात में ही टीम को बिजनौर रवाना किया और 17 सितंबर 2026 को आरोपी को ग्राम नारायणवाला थाना रेहड़ जिला बिजनौर से गिरफ्तार कर लिया। 16 सितंबर 2026 को कनखल निवासी महिला ने पुलिस को शिकायत दी कि उसकी नाबालिग पुत्री की इंस्टाग्राम पर अजय नाम के युवक से दोस्ती हुई थी और दोनों के बीच बातचीत होने लगी। इसी दौरान आरोपी अजय ने नाबालिग से मिलने का दबाव बनाया। शिकायत के अनुसार जब घर पर कोई मौजूद नहीं था तब आरोपी घर पहुंच गया और नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि आरोपी ने इस दौरान फोटो और वीडियो भी बनाए तथा बाद में उन्हें सार्वजनिक करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा। किसी को घटना के बारे में बताने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। परेशान नाबालिग ने जब इस संबंध में अपनी मां को जानकारी दी तो मां ने कनखल पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद तत्काल मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। महिला संबंधी अपराध की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस टीम ने रात में ही कार्रवाई करते हुए बिजनौर के लिए रवाना होकर ग्राम नारायणवाला थाना रेहड़ जिला बिजनौर में दबिश दी। पुलिस ने 17 सितंबर 2026 को आरोपी अजय उर्फ गोलू को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी अजय उर्फ गोलू पुत्र बीरेन्द्र कुमार निवासी ग्राम नारायणवाला थाना रेहड़ जिला बिजनौर उत्तर प्रदेश है। पुलिस के अनुसार आरोपी को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस टीम में महिला उपनिरीक्षक सीमा आर्य सहायक उपनिरीक्षक मुकेश धीमान और हेड कांस्टेबल रविन्द्र तोमर शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *