प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान रतूड़ा रुद्रप्रयाग में प्रवक्ता के पद पर कार्यरत सूरज सिंह ने जून 2026 में आयोजित यूजीसी-नेट शिक्षा शास्त्र परीक्षा उत्तीर्ण कर संस्थान एवं जनपद का गौरव बढ़ाया है। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने सहायक प्रोफेसर पद के लिए आवश्यक पात्रता अर्जित की है। उनकी उपलब्धि से डायट रुद्रप्रयाग के प्राचार्य प्रवक्ताओं कर्मचारियों एवं प्रशिक्षणार्थियों में हर्ष का माहौल है। संस्थान के प्राचार्य ने सिंह को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह सफलता निरंतर मेहनत अनुशासन लगन और शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सीखने की प्रतिबद्धता का परिणाम है। यह उपलब्धि शिक्षा जगत से जुड़े सभी लोगों के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि सूरज सिंह की सफलता अन्य शिक्षकों एवं प्रशिक्षणार्थियों को भी उच्च शिक्षा और व्यावसायिक उन्नति के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा प्रदान करेगी। सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार सहकर्मियों एवं शुभचिंतकों के सहयोग और मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में कार्य करने वाले प्रत्येक व्यक्ति के लिए निरंतर अध्ययन ज्ञान का अद्यतन और आत्म-विकास अत्यंत आवश्यक है। डायट रुद्रप्रयाग परिवार ने सूरज सिंह को उनकी इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
