प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान उत्तराखंड में हिन्दी भाषा के प्रति जागरूकता तथा राजभाषा हिन्दी के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से 14 सितम्बर 2026 को हिन्दी दिवस का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम संस्थान के कॉन्फ्रेंस रूम में आयोजित हुआ जिसमें संस्थान के संकाय सदस्य अधिकारी कर्मचारी एवं विद्यार्थी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद स्वागत संबोधन एवं अतिथि परिचय प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री के संदेश का वाचन किया गया। इसके पश्चात उपस्थित संकाय सदस्यों अधिकारियों कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने राजभाषा हिन्दी की शपथ ली। इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रो.मनमोहन सिंह रौथाण प्रोफेसर कंप्यूटर विज्ञान एवं अभियांत्रिकी विभाग हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय श्रीनगर गढ़वाल ने हिन्दी भाषा एवं राजभाषा के महत्व तथा राष्ट्र निर्माण में हिन्दी की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने हिन्दी के अधिकाधिक प्रयोग पर जोर देते हुए कहा कि हिन्दी के माध्यम से ज्ञान एवं तकनीकी शिक्षा को जनसुलभ बनाने की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जाने चाहिए। कार्यक्रम के दौरान संस्थान के पात्र संकाय सदस्यों एवं कर्मचारियों को हिन्दी प्रवीणता प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। यह पहल संस्थान में राजभाषा हिन्दी के प्रयोग को प्रोत्साहित करने तथा हिन्दी में कार्य करने वाले कार्मिकों को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम के अंत में हरि मौल आज़ाद कुलसचिव राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान उत्तराखंड ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही कार्यक्रम का समापन हुआ।
