Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। केदारनाथ धाम यात्रा पर आए झारखंड निवासी श्रद्धालु का गौरीकुंड से सोनप्रयाग के मध्य यात्रा के दौरान कहीं खोया पर्स सोनप्रयाग पुलिस ने तत्परता और मुस्तैदी दिखाते हुए खोज निकाला और सकुशल यात्री को वापस सौंप दिया। पर्स में जरूरी दस्तावेजों के साथ 6,700 रुपये की नकदी भी रखी हुई थी। झारखंड के जमशेदपुर निवासी तनमय यादव पुत्र शंकर लाल यादव अपने साथियों के साथ बाबा केदारनाथ के दर्शन के लिए आए थे। यात्रा के दौरान गौरीकुंड से सोनप्रयाग के बीच उनका पर्स कहीं गिर गया। पर्स खोने की जानकारी मिलने के बाद सोनप्रयाग पुलिस ने तत्काल खोजबीन शुरू की। पुलिस टीम ने तत्परता से संभावित स्थानों पर तलाश की जिसके परिणामस्वरूप खोया हुआ पर्स बरामद कर लिया गया। इसके बाद पर्स में मौजूद जरूरी दस्तावेजों और 6,700 रुपये की नकदी सहित अन्य सामान को सुरक्षित रूप से यात्री तनमय यादव के सुपुर्द कर दिया गया। अपना खोया हुआ पर्स वापस मिलने पर श्रद्धालु तनमय यादव और उनके साथियों ने उत्तराखंड पुलिस की तत्परता ईमानदारी और संवेदनशील कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। रुद्रप्रयाग पुलिस की ओर से यात्रियों और श्रद्धालुओं की सहायता एवं सुरक्षा के लिए लगातार तत्परता से कार्य किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *