प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने सार्वजनिक स्थलों पर अनुशासन सुनिश्चित करने तथा सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा सांयकाल एवं रात्रि के समय व्यापक चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 17 सितंबर 2026 की सांयकाल एवं रात्रि में जनपद के विभिन्न कोतवाली एवं थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों द्वारा सार्वजनिक स्थलों होटल-ढाबों एवं मार्गों पर सघन चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान सार्वजनिक स्थानों एवं होटल-ढाबों में शराब पीने-पिलाने वाले 4 व्यक्तियों के विरुद्ध चालानी कार्यवाही की गई। वहीं शराब पीकर वाहन चलाने वाले 3 वाहन चालकों के वाहन सीज किए गए। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध भी नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की गई। रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीने-पिलाने तथा शराब का सेवन कर वाहन चलाने जैसी गतिविधियों को गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस ने कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाना चालक के साथ-साथ सड़क पर चल रहे अन्य राहगीरों एवं यात्रियों के जीवन को भी गंभीर खतरे में डाल सकता है। ऐसे वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी। रुद्रप्रयाग पुलिस ने आमजन से अपील की है कि शराब अथवा किसी भी प्रकार के मादक पदार्थ का सेवन कर वाहन न चलाएं। सार्वजनिक स्थानों पर मदिरापान न करें और न ही ऐसी गतिविधियों को बढ़ावा दें। निर्धारित गति सीमा एवं यातायात नियमों का पालन करें। वाहन चलाते समय अपनी तथा अन्य राहगीरों एवं यात्रियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
