प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। भारतीय जनता पार्टी महानगर के अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल के नेतृत्व में कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के संबंध में की गई टिप्पणी के विरोध में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर नाराजगी व्यक्त करते हुए विरोध दर्ज कराया। महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के संबंध में कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा की गई टिप्पणी अत्यंत निंदनीय है जिसका भारतीय जनता पार्टी घोर विरोध करती है। उन्होंने कहा कि अजीत डोभाल उत्तराखंड से आते हैं और राहुल गांधी उनके नाम पर भी उत्तराखंड प्रदेश में राजनीति करने का प्रयास कर रहे हैं जबकि यहां की जनता उन्हें नकार चुकी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विषयों पर सार्वजनिक संवाद में जिम्मेदारी और संयम बरतने का विवेक होना चाहिए। सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने कहा कि देश की सुरक्षा और राष्ट्रहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर टिप्पणी करते समय सार्वजनिक जीवन से जुड़े सभी नेताओं को जिम्मेदारी का परिचय देना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल की देश सेवा और सुरक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका रही है। पिछले कई वर्षों से देश में शांति और सुरक्षा बनी रहे इसके लिए वह दिन-रात अपनी जिम्मेदारियों का नैतिकता के साथ निर्वहन कर रहे हैं। सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने राहुल गांधी पर मां शब्द को लेकर सार्वजनिक मंच पर मिमिक्री करने का आरोप लगाते हुए कहा कि समाज में यदि किसी का सर्वोच्च स्थान है तो वह मां का स्थान है। उन्होंने कहा कि जिन्होंने धर्म और परिवार को कभी समझा ही नहीं वे मां शब्द की महत्ता को क्या जानेंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता राष्ट्रहित राष्ट्रीय सुरक्षा तथा देश की एकता और अखंडता के प्रति सदैव प्रतिबद्ध हैं। कार्यक्रम में महानगर महामंत्री संदीप मुखर्जी विजेंद्र थपलियाल संकेत नौटियाल सुनील शर्मा तृप्ता जाटव विनोद शर्मा मोतीराम प्रदीप कुमार संदीप बिजलवान गुरप्रीत छाबड़ा कुलदीप पंत सौरभ शर्मा नवीन मनीष पाल सहित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
