Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के नेतृत्व एवं निर्देशन में जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध पुलिस का अभियान लगातार जारी है। नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने तथा नशा तस्करी से जुड़े नेटवर्क को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के लिए जनपद पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल एवं क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक मुनिकीरेती के नेतृत्व में थाना मुनिकीरेती पुलिस टीम ने 20 सितंबर 2026 को चौकी तपोवन बैरियर पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग की। चेकिंग के दौरान नीर गड्डू की ओर से आ रही इनोवा कार UK07AC4846 को पुलिस टीम ने रोककर नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 1 किलो 300 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पुलिस ने मौके से चरस के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से चरस के अतिरिक्त 50 हजार रुपये नकद एक इलेक्ट्रॉनिक बैटरीयुक्त तराजू और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर थाना मुनिकीरेती में आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। डिजिटल लेनदेन से चरस सप्लाई नेटवर्क के मिले सुराग प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि बरामद चरस उर्गम जनपद चमोली निवासी दिगम्बर पंवार एवं गजेन्द्र रावत से खरीदकर लाई गई थी। पुलिस टीम द्वारा आरोपी हिमांशु बेरी के मोबाइल फोन में उपलब्ध गूगल-पे लेनदेन के विवरण की जांच की गई। इसमें दिगम्बर पंवार एवं गजेन्द्र रावत को धनराशि भेजे जाने संबंधी लेनदेन का विवरण प्राप्त हुआ है। पुलिस द्वारा इन डिजिटल साक्ष्यों का सत्यापन किया जा रहा है। साथ ही चरस की खरीद-फरोख्त सप्लाई के स्रोत तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में गहन जांच जारी है। टिहरी पुलिस द्वारा नशे के नेटवर्क से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका की जांच की जा रही है और आवश्यकतानुसार उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार आरोपियों में यथार्थ मिश्रा पुत्र स्वर्गीय योगेश पाल उम्र 22 वर्ष निवासी आवास विकास कॉलोनी थाना ऋषिकेश जनपद देहरादून तथा हिमांशु बेरी पुत्र अशोक कुमार बेरी उम्र 51 वर्ष निवासी वार्ड नंबर 04 खड़खड़ी थाना कोतवाली नगर जनपद हरिद्वार शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 300 ग्राम अवैध चरस 50 हजार रुपये नकद एक इलेक्ट्रॉनिक बैटरीयुक्त तराजू, दो मोबाइल फोन और एक इनोवा कार UK07AC4846 बरामद की है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान एसएसआई योगेश पाण्डेय उपनिरीक्षक प्रवीन रावत उपनिरीक्षक आशीष रावत हेड कांस्टेबल सुन्दर और कांस्टेबल 134 कपिल शामिल रहे। टीम थाना मुनिकीरेती जनपद टिहरी गढ़वाल की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *