प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद हरिद्वार में सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में कुष्ठ रोगियों के कल्याण एवं पुनर्वास से संबंधित अंतरविभागीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ कुष्ठ रोगियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का समुचित लाभ दिलाने तथा उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुष्ठ रोगियों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही पात्र लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन और राशन कार्ड की सुविधा तथा उनके बच्चों की शिक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने सभी पात्र रोगियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से आच्छादित करने के लिए विभागवार कार्ययोजना तैयार कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक विभाग अपने दायित्वों के अनुरूप समयबद्ध कार्रवाई करते हुए पात्र कुष्ठ रोगियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के भी निर्देश दिए ताकि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में अनावश्यक परेशानी न हो। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.आरके सिंह जिला प्रोविजन अधिकारी अविनाश भदौरिया सहायक श्रम आयुक्त प्रशांत कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
