प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में जिला सभागार में राज्य आंदोलनकारी चिन्हीकरण के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद की विभिन्न तहसीलों से प्राप्त राज्य आंदोलनकारी चिन्हीकरण संबंधी आवेदनों एवं प्रकरणों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य आंदोलनकारी चिन्हीकरण से संबंधित सभी आवेदनों का निर्धारित मानकों एवं शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही परीक्षण एवं निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रकरण में उपलब्ध अभिलेखों एवं साक्ष्यों का गहनता से परीक्षण किया जाए ताकि पात्र आवेदकों के प्रकरणों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन प्रकरणों में तथ्यों के सत्यापन अथवा अभिलेखों की जांच की आवश्यकता हो, उनमें आवश्यकतानुसार जांच कराते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों में पारदर्शिता एवं नियमानुसार प्रक्रिया का विशेष ध्यान रखा जाए तथा अनावश्यक विलंब न हो। बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश उपजिलाधिकारी राज कुमार पांडे चंद्र शेखर वशिष्ठ अबरार अहमद अलकेश नौड़ियाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
