प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नई टिहरी में सोमवार को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय हीरा सिंह चौहान की स्मृति में नेशनल अप्रेंटिस मेला-2026 का आयोजन किया गया। मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों एवं संस्थानों ने प्रतिभाग कर आईटीआई प्रशिक्षार्थियों को अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध कराए। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत एवं राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नई टिहरी के प्रधानाचार्य आशुतोष उनियाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। संस्थान के प्रशिक्षार्थियों ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। मेले में पैनासोनिक यूपीपीसीएल जल संस्थान एमबीआईओ इन्फोसिस सहित कुल 25 कंपनियों ने प्रतिभाग किया। कंपनियों की ओर से व्यवसाय फिटर वेल्डर विद्युतकार कोपा स्टेनोग्राफी आदि ट्रेडों से संबंधित लगभग 113 प्रशिक्षार्थियों का साक्षात्कार लिया गया जिसमें 45 प्रशिक्षार्थियों का चयन किया गया। प्रधानाचार्य आशुतोष उनियाल ने प्रशिक्षार्थियों को अप्रेंटिसशिप के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए इसके महत्व एवं रोजगार के अवसरों के बारे में बताया। उन्होंने मेले में कंपनियों के प्रतिनिधियों की सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया। मेले में प्रधानाचार्य आशुतोष उनियाल अप्रेंटिस एवं प्लेसमेंट अधिकारी कुलदीप सिंह रावत अनुदेशक शिल्पी कार्यदेशक प्रीति मुख्य प्रशासनिक अधिकारी मंजुला रावत सहित अधीनस्थ संस्थान के अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य स्टाफ उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य आशुतोष उनियाल ने मेले में प्रतिभाग करने वाले अतिथियों एवं कंपनियों के प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर आईटीआई के अनुदेशक अमित बहुगुणा अमित सैनी मुकेश तोमर राजेशलाल अनिता शाही मनवीर सिंह सुनील असवाल शिवानी पंवार आदि उपस्थित रहे।
