Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। थाना सिडकुल पुलिस ने जिला कारागार रोशनाबाद के वरिष्ठ अधीक्षक को लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकी देने के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा 315 बोर एक जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार जेल में बंद अपनी पत्नी से मुलाकात के दौरान रोक-टोक से नाराज आरोपी ने जेल अधीक्षक को धमकी भरे और अभद्र संदेश भेजे थे। इसके बाद जेल अधीक्षक को डराने के उद्देश्य से वह तमंचा और कारतूस लेकर लुधियाना से हरिद्वार पहुंचा था। 11 सितंबर 2026 को मनोज कुमार आर्य वरिष्ठ अधीक्षक जिला कारागार रोशनाबाद हरिद्वार के मोबाइल फोन पर धमकी भरे एवं अभद्र संदेश भेजकर जान से मारने की धमकी दी गई थी। इस संबंध में उनके प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना सिडकुल में मामला दर्ज किया गया था। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह ने तत्काल प्रभारी थानाध्यक्ष को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास शुरू किए। इसी क्रम में 21 सितंबर 2026 को थाना सिडकुल क्षेत्र के सूर्य नगर के पास चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी हिमांशु चोढा को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर एक जिंदा कारतूस 315 बोर और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी शीला जिला कारागार में बंद है। जेल में पत्नी से मुलाकात के दौरान जेल स्टाफ द्वारा उससे अधिक पूछताछ किए जाने को लेकर वह नाराज था। आरोपी के अनुसार उसकी पत्नी ने उसे जेल अधीक्षक को लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकी देने की बात कही और जेल अधीक्षक का मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया। इसके बाद आरोपी ने लुधियाना जाकर अपने आधार कार्ड से लिए गए नए मोबाइल नंबर से जेल अधीक्षक के मोबाइल पर धमकी भरे संदेश भेजे। बाद में उसे सोशल मीडिया के माध्यम से अपने विरुद्ध मामला दर्ज होने की जानकारी हुई। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि जेल अधीक्षक को डराने के उद्देश्य से वह पहले से अपने पास रखे 315 बोर के तमंचे और कारतूस के साथ लुधियाना से हरिद्वार आया था। वह जेल की ओर जा रहा था तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। बरामद अवैध तमंचे के संबंध में दर्ज मामले में शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं को भी जोड़ा गया है। पुलिस के अनुसार अभियुक्ता शीला के विरुद्ध भी उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। आरोपी के खिलाफ जनपद देहरादून के रायवाला थाने में भी संगीन मामलों में प्रकरण दर्ज है। गिरफ्तार आरोपी हिमांशु चोढा पुत्र श्याम लाल चोढा निवासी बी-01/1081 सत्संग रोड सिविल लाइन भारत नगर चौक लुधियाना पंजाब तथा हाल निवासी गली नंबर 6 आईडीपीएल जनपद देहरादून है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर एक जिंदा कारतूस 315 बोर और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ वर्ष 2015 में मारपीट गाली-गलौज धमकी बंधक बनाने मानव तस्करी दहेज उत्पीड़न और दहेज प्रतिषेध अधिनियम से संबंधित मामला दर्ज रहा है। कार्रवाई करने वाली थाना सिडकुल पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अजय शाह उपनिरीक्षक देवेंद्र चौहान चौकी प्रभारी कोर्ट कांस्टेबल नरेंद्र चौहान और कांस्टेबल हरि सिंह शामिल रहे। सहयोगी सीआईयू टीम में प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र बिष्ट हेड कांस्टेबल मनोज रावत कांस्टेबल हरवीर रावत कांस्टेबल नरेंद्र और कांस्टेबल उमेश शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *