प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। सोमवार को जिला सभागार नई टिहरी में जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जनता दरबार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपदवासियों की विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों को सुना गया। इस दौरान 70 से अधिक आवेदन पत्र प्राप्त हुए जो पेयजल ग्राम पंचायत विद्युत वन विभाग सहित अन्य विभागों से संबंधित रहे। जनता दरबार में सीएम हेल्पलाइन एवं जन समर्पण पोर्टल पर दर्ज लंबित शिकायतों की समीक्षा भी की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का समयान्तर्गत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन प्रकरणों का समाधान हो चुका है उन्हें तत्काल संबंधित पोर्टल पर अपडेट किया जाए। इस दौरान ग्राम पंचायत तिवाड़गांव-मरोड़ा की प्रधान पिंकी पंवार ने ग्राम सभा की संजायत भूमि की 16 नाली भूमि जो भैंसगला तोक में थी और टिहरी झील में डूब गई है, उसके समतुल्य भूमि आवंटित करने की मांग रखी। जिलाधिकारी ने प्रभारी अधिकारी पुनर्वास को इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। पूर्व अध्यक्ष व्यापार मंडल बौराड़ी एवं अन्य व्यापारियों ने नव निर्मित सार्वजनिक शौचालय पर ताला लगाए जाने से हो रही समस्याओं की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने एडीबी के प्रोजेक्ट मैनेजर को तत्काल आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। राजकीय प्राथमिक विद्यालय कोरदी में शिक्षकों की कमी के कारण बाधित हो रही शिक्षण व्यवस्था के संबंध में विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों ने शिक्षक की नियुक्ति अथवा व्यवस्था किए जाने की मांग रखी। वहीं अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज शिलारी प्रतापनगर में कला एवं राजनीतिक विज्ञान के प्रवक्ता के रिक्त पदों पर शिक्षक व्यवस्था किए जाने की मांग अभिभावक संघ ने की। जिलाधिकारी ने दोनों मामलों में मुख्य शिक्षा अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। गंभीर सिंह रावत निवासी ग्राम ओखला पट्टी रैका प्रतापनगर ने लोक निर्माण विभाग बौराड़ी नई टिहरी के जाखणीखाल-बैरिल-शिवाली मोटर मार्ग के निर्माण कार्य से अपने मकान को भारी खतरा होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उनके द्वारा कई बार पत्राचार किया गया लेकिन अब तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है। जिलाधिकारी ने मामले में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। जनता दरबार में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा निस्तारित प्रकरणों की जानकारी संबंधित पोर्टल पर भी तत्काल अपडेट की जाए। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल एसडीएम टिहरी कमलेश मेहता डीडीओ मोहम्मद असलम सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
