Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। हेमकुंड साहिब की प्रचलित यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाए रखने के लिए पुलिस एवं एसडीआरएफ की ओर से सुरक्षा तैयारियों को लगातार परखा जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा ने चौकी घांघरिया पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चौकी के कार्यालय बैरक मैस एवं परिसर का बारीकी से जायजा लेकर वहां की व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से बातचीत कर यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही ड्यूटी व्यवस्था तथा क्षेत्र में आने वाली संभावित चुनौतियों के बारे में जानकारी ली। हेमकुंड साहिब यात्रा के दौरान पुलिसकर्मियों को पहाड़ की विषम परिस्थितियों में रहकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करनी पड़ती है। इसी को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक ने जवानों के रहने और दैनिक व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक ने हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर तैनात एसडीआरएफ टीम का निरीक्षण किया। इस दौरान किसी भी आपदा अथवा आकस्मिक स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य में इस्तेमाल होने वाले आपदा उपकरणों की उपलब्धता और उनकी स्थिति की जांच की गई। टीम से उपकरणों के उपयोग तथा आपात स्थिति में की जाने वाली कार्रवाई के संबंध में भी जानकारी ली गई। हेमकुंड साहिब जैसे ऊंचाई वाले दुर्गम क्षेत्र में मौसम का अचानक बदलना, कठिन पैदल मार्ग और भौगोलिक परिस्थितियां चुनौती बन सकती हैं। ऐसे में मौके पर तैनात पुलिस और एसडीआरएफ जवानों की तैयारी श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े प्रत्येक पहलू को मौके पर जाकर परखा जा रहा है। निरीक्षण के दौरान चौकी प्रभारी घांघरिया अमनदीप सिंह और एसडीआरएफ के जवान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *