प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। सेवा सप्ताह माह के अंतर्गत 25 सितंबर से 7 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले आंगन का मिलन कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक से पूर्व मंत्री ने गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी ली। समीक्षा बैठक में कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय गौरव ने जानकारी दी कि जनपद में कुल 2017 आंगनबाड़ी केंद्र हैं जिनमें से 2012 केंद्र सक्रिय हैं। कार्यक्रम जनपद के सभी ब्लॉक स्तर पर आयोजित किए जाएंगे। इनमें प्रतिभाग करने वाले लाभार्थियों को केंद्र और राज्य पोषित योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। वहीं गर्भवती एवं गर्भधात्री महिलाओं को विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। विभागीय मंत्री रेखा आर्या ने निर्देश दिए कि जिन भी ब्लॉकों और आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यक्रम आयोजित होंगे वहां बच्चों के लिए रचनात्मक गतिविधियां संचालित की जाएं। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना नंदा गौरा योजना मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना पोषण माह और टेक होम राशन सहित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी तथा लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम आंगनबाड़ी केंद्रों में निर्धारित समय अवधि में ही पूर्ण किए जाएं जिससे बच्चों माताओं और अभिभावकों को किसी प्रकार की परेशानी न उठानी पड़े। कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में बताया गया कि कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों द्वारा अपने अनुभव साझा किए जाएंगे। मंत्री ने समस्त कार्यक्रमों की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा। समीक्षा बैठक के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने अपने मानदेय का विषय भी विभागीय मंत्री के समक्ष रखा। इस पर मंत्री रेखा आर्या ने सभी को आश्वासन दिया कि जल्द ही उनके मानदेय बढ़ोतरी की मांग को पूरा किया जाएगा और इसे कैबिनेट में लाया जाएगा। मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि सभी आंगनबाड़ी बहनें विभाग की मजबूत कड़ी हैं। वे विषम भौगोलिक परिस्थितियों में अपने दायित्वों का निर्वहन करती हैं। ऐसे में एक महिला होने के नाते वह उनकी परेशानियों से भली-भांति अवगत हैं। इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत चंबा ब्लॉक प्रमुख सुमन सजवाण डीडीओ मो असलम जिला प्रोबेशन अधिकारी ज्योति पटवाल महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष इन्दु डंगवाल पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद रतूड़ी प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गोविन्द रावत सहित जनपद स्तरीय अधिकारी और पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
