प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अग्निशमन एवं आपात सेवा उत्तराखंड देहरादून एवं पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के आदेश एवं निर्देशों के अनुपालन में अग्निशमन अधिकारी शंकर चंद रमोला के नेतृत्व में फायर सर्विस टीम द्वारा केदारनाथ यात्रा मार्ग पर स्थित विभिन्न संस्थानों का अग्नि सुरक्षा के दृष्टिगत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान चिपसन एविएशन चारधाम हेलीपैड बुरांश रिसॉर्ट देवशाल चारधाम रिसॉर्ट एवं व्हाइट हेवन रिसॉर्ट सहित अन्य प्रतिष्ठानों में उपलब्ध प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों अग्निशमन व्यवस्थाओं एवं अन्य सुरक्षा मानकों का गहनता से परीक्षण किया गया। इस दौरान प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं को मौके पर जांचा गया। निरीक्षण में जो कमियां पाई गईं, उन्हें निर्धारित समयावधि में दूर करने के लिए संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त प्रस्तावित फायर स्टेशन गुप्तकाशी के लिए चयनित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया गया। फायर सर्विस टीम ने मौके पर उपलब्ध व्यवस्थाओं एवं आवश्यक जानकारी का जायजा लिया। इसके बाद यात्रा मार्ग पर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से अगस्त्यमुनि क्रीड़ा मैदान एवं रामपुर तिलवाड़ा स्थित फायर हाइड्रेंट का निरीक्षण किया गया। टीम द्वारा दोनों स्थानों पर फायर हाइड्रेंट की कार्यशीलता का परीक्षण भी किया गया ताकि आवश्यकता पड़ने पर इनका प्रभावी ढंग से उपयोग किया जा सके। रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा केदारनाथ यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण एवं परीक्षण किया जा रहा है। फायर सर्विस टीम द्वारा यात्रा मार्ग पर स्थित विभिन्न प्रतिष्ठानों में अग्निशमन उपकरणों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच के साथ ही आवश्यक सुधार के लिए संबंधित संचालकों को दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
