प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में टिहरी पुलिस द्वारा जनपद में महिला एवं बाल अपराधों की रोकथाम नशे के दुष्प्रभावों साइबर अपराधों से बचाव एवं सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन और युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से निरंतर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 22 सितंबर 2026 को थाना हिंडोलाखाल पुलिस द्वारा राजकीय पॉलीटेक्निक हिंडोलाखाल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी देते हुए उन्हें सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को महिला एवं बाल अपराधों की रोकथाम नशा मुक्ति अभियान साइबर अपराध डिजिटल ठगी डिजिटल अरेस्ट एवं सड़क सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। महिला एवं बाल अपराधों से बचाव एवं आत्मरक्षा के संबंध में छात्राओं को महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम एवं स्वयं की सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए आवश्यकता पड़ने पर सतर्कता बरतने तथा आत्मरक्षा के विभिन्न उपायों की जानकारी दी गई। छात्र-छात्राओं को किसी भी प्रकार की संदिग्ध या आपत्तिजनक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस अथवा संबंधित व्यक्ति को देने के लिए प्रेरित किया गया। नशा मुक्ति के संबंध में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों एवं इससे होने वाले सामाजिक शारीरिक और मानसिक नुकसान की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया। साइबर अपराध एवं डिजिटल ठगी से बचाव के संबंध में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों के प्रति सचेत करते हुए सोशल मीडिया मंचों जैसे व्हाट्सऐप फेसबुक एवं इंस्टाग्राम का सावधानीपूर्वक एवं सकारात्मक उपयोग करने की सलाह दी गई। उन्हें किसी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक न करने ओटीपी बैंक संबंधी जानकारी एवं अन्य व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करने तथा फर्जी कॉल ऑनलाइन ठगी एवं डिजिटल अरेस्ट जैसी घटनाओं से सतर्क रहने की जानकारी दी गई। पुलिस ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो घटना की सूचना तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा आपातकालीन सेवा 112 पर दें ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के संबंध में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों का स्वयं पालन करने तथा अपने परिजनों एवं परिचितों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करने वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तेज गति एवं लापरवाही से वाहन न चलाने तथा सड़क पर अनुशासन बनाए रखने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को यह भी समझाया कि सोशल मीडिया का उपयोग शिक्षा ज्ञानवर्धन एवं सकारात्मक गतिविधियों के लिए करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा आपत्तिजनक सामग्री को बिना सत्यापन के आगे साझा न करें। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने पुलिस द्वारा दी गई जानकारी को गंभीरता से सुना तथा सुरक्षित समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया। टिहरी पुलिस द्वारा युवाओं से अपील की गई कि वे नशे से दूर रहें साइबर अपराधों के प्रति सजग रहें यातायात नियमों का पालन करें तथा महिला एवं बाल अपराधों की रोकथाम में पुलिस का सहयोग करें।
