प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। अपराध नियंत्रण कानून-व्यवस्था एवं जनसुरक्षा को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे की अध्यक्षता में 23 सितंबर 2026 को पुलिस लाइन चंबा में जनपद स्तरीय मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक सभी क्षेत्राधिकारी थाना प्रभारी एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे। गोष्ठी के दौरान जनपद की कानून-व्यवस्था अपराध नियंत्रण लंबित विवेचनाओं एवं अभियोगों के निस्तारण शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण यातायात व्यवस्था विभिन्न अभियानों की प्रगति तथा आगामी त्योहारी सीजन के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में नियमित चेकिंग प्रभावी रात्रि गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों की निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराध की रोकथाम के साथ अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई आमजन की शिकायतों का त्वरित निस्तारण तथा पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए भीड़भाड़ वाले स्थानों प्रमुख बाजारों पर्यटन स्थलों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने तथा प्रभावी पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए गए। थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित एवं प्रभावी गश्त सुनिश्चित करने को कहा गया ताकि कानून-व्यवस्था एवं जनसुरक्षा को मजबूत बनाया जा सके। थाना कोतवाली नरेंद्रनगर क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का सफल अनावरण करने पर एसएसपी ने संबंधित पुलिस कार्मिकों को बधाई देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को पेट्रोलिंग एवं गश्त बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
27 पुलिस कार्मिकों को किया सम्मानित
गोष्ठी के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले 27 पुलिस कार्मिकों को कर्मचारी ऑफ द मंथ घोषित कर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। एसएसपी श्वेता चौबे ने सभी सम्मानित पुलिस कार्मिकों के कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा एवं उत्कृष्ट कार्यशैली न केवल पुलिस विभाग की कार्यक्षमता को बढ़ाती है बल्कि आमजन के बीच पुलिस के प्रति विश्वास को भी मजबूत करती है।
सत्यापन अभियान को प्रभावी बनाने के निर्देश
चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने अपराध नियंत्रण एवं जनसुरक्षा के दृष्टिगत जनपद में चलाए जा रहे सत्यापन अभियान की भी विस्तृत समीक्षा की गई। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में बाहरी व्यक्तियों किरायेदारों घरेलू सहायकों श्रमिकों फड़-फेरी करने वाले व्यक्तियों तथा अन्य अपरिचित व्यक्तियों का नियमानुसार निरंतर सत्यापन कराने के निर्देश दिए। जनपद में अब तक चलाए गए सत्यापन अभियान के अंतर्गत हजारों संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन किया जा चुका है। सत्यापन के दौरान प्राप्त जानकारी का विधिवत अभिलेखीकरण करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर नियमानुसार तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि सत्यापन अभियान का उद्देश्य आमजन को परेशान करना नहीं बल्कि अपराध की रोकथाम संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी तथा जनपद की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना है। उन्होंने होटल धर्मशाला किराये के भवन निर्माण स्थलों बाजार क्षेत्रों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर नियमित सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए।
अपराध नियंत्रण एवं नशे के विरुद्ध कार्रवाई पर जोर
गोष्ठी में अपराधों की रोकथाम एवं लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण को लेकर थाना प्रभारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए। नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के तहत मादक पदार्थों की बिक्री परिवहन एवं तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई करने तथा नशे के नेटवर्क से जुड़े व्यक्तियों की जानकारी जुटाकर उनके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान रविन्द्र सिंह चौहान जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक द्वारा दुर्घटनाओं को चिन्हित करने के लिए आई-रैड ई-डार एवं पीएम राहत के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया।
यातायात व्यवस्था पर विशेष फोकस
शराब के नशे में वाहन चलाने तेज गति खतरनाक ड्राइविंग एवं अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सघन चेकिंग एवं निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों प्रमुख बाजारों पर्यटन स्थलों एवं संवेदनशील मार्गों पर यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
साइबर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
साइबर अपराध संबंधी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने पीड़ितों को समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराने तथा तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए साइबर अपराधियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
लंबित विवेचनाओं और शिकायतों के निस्तारण पर जोर
सभी थाना प्रभारियों को लंबित विवेचनाओं जांच एवं शिकायती प्रार्थना पत्रों की नियमित समीक्षा करते हुए प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। न्यायालय से जारी आदेशिकाओं की शत-प्रतिशत तामील सुनिश्चित करने तथा वारंटियों एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी अभियान चलाने को कहा गया। जेल भेजे जाने वाले अभियुक्तों के फिंगर प्रिंट एवं रेटिना स्कैन की प्रक्रिया प्रभावी रूप से सुनिश्चित करने तथा पुलिस डेटाबेस को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए गए। सीएम हेल्पलाइन वरिष्ठ नागरिक पोर्टल अपनी सरकार पोर्टल सहित विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का संवेदनशीलता गुणवत्ता एवं निर्धारित समयावधि के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया। गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार क्षेत्राधिकारी टिहरी चंद्रमोहन सिंह क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर सुरेन्द्र सिंह भंडारी क्षेत्राधिकारी चंबा महेश लखेड़ा मुख्य अग्निशमन अधिकारी टिहरी संजीवा कुमार सहायक अभियोजन अधिकारी परवाज़ अख्तर सहित जनपद मुख्यालय के अधिकारी सभी थाना प्रभारी एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।
