प्रदीप कुमार
लक्सर/हरिद्वार श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार पुलिस ने अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत लक्सर क्षेत्र में बुजुर्ग को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश करने और चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के माल को बेचकर खरीदी गई सफेद रंग की टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल करीब 25 किलोग्राम पुराने पीले पीतलनुमा धातु के टुकड़े एवं पाइप तथा 1,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। चोरी की गई मोटरसाइकिल एवं शेष माल के संबंध में पुलिस की जांच जारी है। वादी अशोक कुमार पुत्र शम्भू सिंह निवासी धमरौला थाना नूरपुर जिला बिजनौर वर्तमान निवासी चरखी गोदाम लक्सर ने कोतवाली लक्सर में तहरीर देकर बताया था कि 25 अगस्त 2026 को अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें एवं उनके साथी को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया तथा उनकी मोटरसाइकिल और करीब 120 किलोग्राम पीतल चोरी कर लिया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह ने घटना का तत्काल संज्ञान लेते हुए क्षेत्राधिकारी लक्सर एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली लक्सर को घटना का शीघ्र खुलासा करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निर्देशों के क्रम में क्षेत्राधिकारी लक्सर के पर्यवेक्षण एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली लक्सर के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ ही तकनीकी साक्ष्यों डिजिटल इनपुट और मैनुअल पुलिसिंग के माध्यम से जानकारी जुटाई। पुलिस टीमों ने सीमावर्ती राज्य उत्तर प्रदेश एवं हरियाणा में भी संदिग्धों के संबंध में लगातार जानकारी जुटाई। विभिन्न माध्यमों से प्राप्त सूचनाओं को आपस में जोड़ते हुए पुलिस टीम आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। 24 सितंबर 2026 को पुलिस टीम ने पीपली पुल के पास सुल्तानपुर रोड लक्सर से तीन आरोपियों को चोरी के माल के साथ गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से करीब 25 किलोग्राम पीतलनुमा धातु के टुकड़े एवं पाइप 1,500 रुपये नकद तथा चोरी के माल को बेचकर खरीदी गई सफेद रंग की टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई। आरोपियों के पूर्व आपराधिक इतिहास के संबंध में जानकारी की जा रही है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 25 अगस्त 2026 को तीनों आरोपी अपने एक अन्य साथी के साथ योजनाबद्ध तरीके से शाम के समय चरखी गोदाम लक्सर बाजार पहुंचे थे। दो आरोपी गोदाम के बाहर रैकी करने लगे जबकि एक अन्य गोदाम के अंदर गया। वहां उसकी मुलाकात मिस्त्री मुल्ला से हुई और उसने अशोक मुंशी के बारे में जानकारी ली। आरोपियों ने पहले से ही कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिला रखा था। यह कोल्ड ड्रिंक पहले मिस्त्री मुल्ला और बाद में वहां पहुंचे अशोक मुंशी को दी गई। कुछ समय बाद दोनों के बेहोश होने पर आरोपियों ने गोदाम में जाकर अशोक मुंशी की जेब से आलमारी की चाबी का गुच्छा निकाल लिया। इसके बाद आरोपियों ने आलमारी से पुराने पीले पीतलनुमा धातु के टुकड़े एवं पाइप आदि के करीब तीन कट्टे चोरी किए। साथ ही अशोक मुंशी की मोटरसाइकिल की चाबी लेकर उसी मोटरसाइकिल से चोरी का माल लेकर मौके से फरार हो गए। आरोपियों के अनुसार चोरी किए गए पीतल में से कुछ माल चारों आरोपियों ने अलग-अलग स्थानों पर करीब 25 हजार रुपये में बेच दिया। प्राप्त धनराशि में से 22 हजार रुपये डाउन पेमेंट देकर सफेद रंग की टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल खरीदी गई। तलाशी के दौरान बरामद 1,500 रुपये चोरी के माल को बेचकर प्राप्त धनराशि में से शेष बचे बताए गए हैं। आरोपियों ने बताया कि शेष करीब 25 किलोग्राम माल को सीमेंट फैक्ट्री लक्सर के पास गन्ने के खेत में छिपाकर रखा गया था। इसे बाद में बेचने के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से उक्त माल बरामद कर लिया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि वादी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या UP 20 CE 0926 उनके एक अन्य साथी के पास है। उक्त साथी एवं मोटरसाइकिल की तलाश के लिए पुलिस टीम द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं। गिरफ्तार आरोपियों में विनीत पुत्र सोमपाल निवासी ग्राम तेड़ा थाना सिंघावली अहीर जिला बागपत उत्तर प्रदेश उम्र 19 वर्ष टिंकू उर्फ कृष्ण पुत्र रोहतास निवासी ग्राम बगरा थाना तितावी जिला मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश उम्र 28 वर्ष तथा रविन्द्र पुत्र ओमवीर निवासी ग्राम शिवनगर थाना किला जिला पानीपत हरियाणा उम्र 26 वर्ष शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के सामान को बेचकर खरीदी गई एक टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल करीब 25 किलोग्राम पुराने पीले पीतलनुमा रंग के धातु के टुकड़े एवं पाइप आदि तथा चोरी के सामान को बेचकर बची 1,500 रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस टीम में थाना प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश बिष्ट उपनिरीक्षक समीप पाण्डेय प्रभारी चौकी बाजार कोतवाली लक्सर उपनिरीक्षक आशीष भट्ट हेड कांस्टेबल पंचम प्रकाश हेड कांस्टेबल अरविन्द रावत कांस्टेबल अनिल वर्मा तथा कांस्टेबल महिपाल शामिल रहे।
