Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के अंतर्गत आईटीसी मिशन सुनहरा कल एवं श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम द्वारा नगर निगम हरिद्वार के सहयोग से रोड़ी बेलवाल स्थित रावण मैदान में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के साथ-साथ नागरिकों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा। स्वच्छता अभियान के दौरान टीम ने रावण मैदान एवं उसके आसपास के क्षेत्र में व्यापक सफाई की। अभियान में मैदान से प्लास्टिक कपड़े एवं अन्य प्रकार का कचरा एकत्रित किया गया। इस दौरान कुल 45 बैग कचरा संग्रहित किया गया। एकत्रित कचरे को उचित निस्तारण के लिए नगर निगम हरिद्वार को सौंप दिया गया। इस अवसर पर अभियान में शामिल सदस्यों एवं स्थानीय लोगों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। लोगों से अपील की गई कि वे सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फेंकें कचरे को निर्धारित स्थान पर ही डालें तथा गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की आदत विकसित करें। अभियान के दौरान यह संदेश भी दिया गया कि स्वच्छता केवल किसी एक संस्था या विभाग की जिम्मेदारी नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। जनभागीदारी के माध्यम से ही सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जा सकता है। आईटीसी मिशन सुनहरा कल एवं श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम द्वारा स्वच्छता ही सेवा अभियान के माध्यम से विभिन्न सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों पर लगातार स्वच्छता जन-जागरूकता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को बढ़ावा दिया जा रहा है। अभियान में लोगों से स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया गया। अभियान का संदेश रहा स्वच्छता में सहभागिता स्वच्छ भारत विकसित भारत।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *