प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जिला उद्योग केंद्र हरिद्वार एवं मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना स्पोक सेंटर हरिद्वार के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान आईटीआई रोशनाबाद में उद्यमिता विकास एवं वोकल फॉर लोकल जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 100 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के प्रति प्रोत्साहित कर स्वयं का व्यवसाय स्थापित करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करना रहा। कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र हरिद्वार के सहायक प्रबंधक दिनेश चन्द्र आर्य ने उद्योग विभाग एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना प्रधानमंत्री मुद्रा योजना तथा बैंकों के माध्यम से उपलब्ध बिना किसी जमानत के ऋण सुविधा के बारे में विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना की ओर से इन्क्यूबेशन मैनेजर योगेन्द्र चौहान ने विद्यार्थियों को ब्रांडिंग पैकेजिंग मार्केटिंग बाजार से जुड़ाव एवं व्यवसाय विकास से संबंधित व्यावहारिक जानकारी दी। वहीं बिजनेस प्लानिंग एंड डेवलपमेंट एक्सपर्ट राव आस्कर अली ने प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने वित्तीय सहायता उद्यम पंजीकरण जीएसटी पंजीकरण ट्रेडमार्क पंजीकरण एवं अन्य कानूनी अनुपालनों के संबंध में जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के लाभों से अवगत कराया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को बताया गया कि उत्पाद को बाजार में उतारने से पहले प्रभावी ब्रांडिंग, पैकेजिंग एवं मार्केटिंग रणनीति तैयार करना और व्यवसाय की पहचान को सुरक्षित रखने के लिए ट्रेडमार्क पंजीकरण कराना आवश्यक है। विद्यार्थियों को वोकल फॉर लोकल से जुड़कर स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने एवं रोजगार सृजक बनने के लिए प्रेरित किया गया। जिला उद्योग केंद्र एवं मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना स्पोक सेंटर की ओर से पूर्व में भी इस प्रकार के उद्यमिता विकास कार्यक्रम एवं सॉफ्ट टॉयज निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं। कार्यक्रम में संस्थान के प्रधानाचार्य अध्यापकगण कर्मचारी एवं सैकड़ों विद्यार्थी उपस्थित रहे।
