Spread the love

प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर स्थित ऐतिहासिक जीएनटीआई स्टेडियम आगामी जनवरी माह तक नए और आधुनिक रूप में बनकर तैयार हो जाएगा। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के तहत स्टेडियम का पुनर्निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इसके अलावा श्रीकोट-स्वीत और डुंगरीपंथ क्षेत्र के लिए 3 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं को स्वीकृति दे दी गई है। साथ ही विभागीय अधिकारियों को इन योजनाओं के प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए गए हैं। सूबे के कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक डॉ.धन सिंह रावत ने शुक्रवार को अपने शासकीय आवास से वर्चुअल माध्यम से अपने विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। डॉ.रावत ने ऐतिहासिक जीएनटीआई स्टेडियम के पुनर्निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के मुख्य परियोजना प्रबंधक को आगामी जनवरी माह तक जीएनटीआई स्टेडियम को पूरी तरह तैयार करने को कहा। उन्होंने कहा कि स्टेडियम में सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं ताकि यह स्टेडियम पुनः स्थानीय सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों का एक मुख्य केंद्र बन सके। इसके अलावा उन्होंने धारी देवी रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने के साथ ही बहुउद्देशीय पार्किंग और आधुनिक पार्क के निर्माण के निर्देश भी रेलवे अधिकारियों को दिए। बैठक में श्रीकोट-स्वीत और डुंगरीपंथ क्षेत्र के विकास के लिए लगभग 3 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं को स्वीकृति दी गई। डॉ.रावत ने स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर इन योजनाओं के प्रस्ताव शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि अधिकारियों ने समय पर प्रस्ताव नहीं भेजे तो उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। बैठक में डॉ.रावत ने श्रीकोट स्थित सीडीएस जनरल बिपिन रावत स्टेडियम में मॉडल पार्किंग के निर्माण के निर्देश स्थानीय प्रशासन को दिए। उन्होंने कहा कि स्टेडियम में आने वाले लोगों के लिए बेहतर और आधुनिक पार्किंग व्यवस्था की जाएगी जिसमें सैकड़ों वाहनों की पार्किंग क्षमता होगी। इसके अलावा उन्होंने श्रीनगर स्थित उद्यान विभाग के बगीचे और रीवर फ्रंट के सौंदर्यीकरण के निर्देश भी जिला प्रशासन और विभागीय अधिकारियों को दिए। वर्चुअल बैठक में कमिश्नर गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप जिला अधिकारी पौड़ी स्वाती भदौरिया ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के मुख्य परियोजना प्रबंधक हिमांशु बडोनी एसडीएम श्रीनगर नुपुर वर्मा सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *