प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार की भावना के अनुरूप सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद मुख्यालय पौड़ी में आंगन का मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी एवं जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों ने पोषण गीत के माध्यम से पोषण एवं विभागीय योजनाओं के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि सितंबर माह को पोषण माह के रूप में मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य विकास के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और सर्वांगीण विकास को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए स्वस्थ और सशक्त समाज आवश्यक है। स्वस्थ बच्चे ही स्वस्थ देश की नींव हैं और बच्चों एवं किशोरियों के पोषण पर विशेष ध्यान देकर ही मजबूत समाज का निर्माण किया जा सकता है। नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां बच्चों के पोषण स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए जिससे वे और अधिक उत्साह के साथ कार्य कर सकें। उन्होंने कहा कि आंगन का मिलन कार्यक्रम कार्यकर्त्रियों के सम्मान और प्रेरणा का एक अच्छा मंच है। जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि जिले में प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर आंगन का मिलन दिवस मनाया जा रहा है। पोषण माह के अवसर पर केंद्रों में जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं तथा पोषण स्वास्थ्य और विभागीय योजनाओं की जानकारी दी जा रही है ताकि अधिक से अधिक लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके। कार्यक्रम में विधायक राजकुमार पोरी ने उपस्थित लोगों को पोषण शपथ दिलाई। सितंबर माह को पोषण माह के रूप में मनाए जाने के क्रम में 46 बालिकाओं एवं किशोरियों को पोषण किट वितरित की गईं। वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाली 22 आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्त्रियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बालिका यशिका ने महिला सशक्तिकरण विषय पर अपने विचार रखे जबकि बालिका स्वस्ति नौटियाल ने गणेश वंदना प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन श्वेता कठैत ने किया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी संस्कृति साहित्य एवं कला परिषद के सदस्य राकेश नौडियाल भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि विभिन्न विकासखंडों के बाल विकास परियोजना अधिकारी किशोरियां एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।
