प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद टिहरी गढ़वाल में पुलिस बल की शारीरिक दक्षता अनुशासन एवं कार्यकुशलता को बनाए रखने के उद्देश्य से शुक्रवार 25 सितंबर 2026 को पुलिस लाइन चंबा के परेड ग्राउंड में साप्ताहिक परेड आयोजित की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे स्वयं परेड में उपस्थित रहीं और पुलिस अधिकारियों, जवानों एवं प्रशिक्षणरत रिक्रूट आरक्षियों का उत्साहवर्धन किया। परेड के दौरान एसएसपी श्वेता चौबे ने जवानों के साथ कदम से कदम मिलाते हुए स्वयं दौड़ में प्रतिभाग किया। वरिष्ठ अधिकारी को जवानों के बीच मैदान में सक्रिय रूप से भाग लेते देखकर पुलिस कर्मियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। एसएसपी ने कहा कि पुलिस सेवा में शारीरिक एवं मानसिक रूप से फिट रहना अत्यंत आवश्यक है क्योंकि पुलिस कर्मियों को किसी भी समय चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई करनी पड़ सकती है। साप्ताहिक परेड में पुलिस कर्मियों द्वारा अनुशासित मार्च ड्रिल शस्त्र संचालन एवं अन्य शारीरिक दक्षता संबंधी अभ्यास किए गए। इस दौरान जवानों की फुर्ती कमांड पर प्रतिक्रिया टीमवर्क एवं अनुशासन का अभ्यास कराया गया। एसएसपी ने प्रशिक्षण के दौरान जवानों को निर्देशित किया कि शस्त्रों की जानकारी केवल प्रशिक्षण तक सीमित न रहे बल्कि उनके सुरक्षित रख-रखाव संचालन एवं आवश्यकता पड़ने पर त्वरित उपयोग की क्षमता भी लगातार विकसित की जाए। पुलिस लाइन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों की प्रशिक्षण प्रक्रिया की भी एसएसपी ने समीक्षा की। उन्होंने संबंधित प्रशिक्षण अधिकारियों से आउटडोर एवं इंडोर प्रशिक्षण की प्रगति के संबंध में जानकारी ली तथा निर्देश दिए कि प्रशिक्षण को केवल सैद्धांतिक न रखते हुए पुलिस ड्यूटी से जुड़ी वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप अधिक व्यावहारिक बनाया जाए। उन्होंने रिक्रूट आरक्षियों को अनुशासन कानून की जानकारी शारीरिक दक्षता हथियार संचालन जनता से व्यवहार तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। परेड के पश्चात एसएसपी श्वेता चौबे ने पुलिस लाइन चंबा परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यायामशाला परिवहन शाखा भोजनालय प्रशिक्षण कक्ष एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस कर्मियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस लाइन परिसर में स्वच्छता एवं साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर रखने भोजनालय में भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने पुलिस वाहनों की नियमित फिटनेस एवं रख-रखाव पर ध्यान देने पुलिस कर्मियों के स्वास्थ्य एवं फिटनेस के लिए व्यायामशाला की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने तथा प्रशिक्षणरत रिक्रूट आरक्षियों के लिए प्रशिक्षण सुविधाओं को व्यवस्थित एवं प्रभावी रखने के निर्देश दिए। एसएसपी ने जवानों को नियमित व्यायाम एवं शारीरिक प्रशिक्षण को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों की जिम्मेदारी केवल सामान्य कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है बल्कि सड़क दुर्घटनाओं आपदा बचाव अभियान भीड़ प्रबंधन एवं अन्य आकस्मिक परिस्थितियों में भी उन्हें तत्काल मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई करनी होती है। ऐसे में शारीरिक क्षमता मानसिक सजगता और टीमवर्क अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि फिट पुलिस बल ही प्रभावी पुलिसिंग की आधारशिला है।
